उन्नाव (उप्र), 15 जून (भाषा) उन्नाव जिले में संत राम मिलन दास उर्फ बाबा मिलन दास की हत्या के मामले में वांछित मुख्य आरोपी एवं एक लाख रुपये का इनामी बदमाश सोमवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी की पहचान इजराइल के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान एक गोली एक उपनिरीक्षक की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी, जबकि विशेष अभियान समूह (एसओजी) का एक कांस्टेबल घायल हो गया।
पुलिस अधीक्षक (उन्नाव) जय प्रकाश सिंह ने बताया कि सोमवार तड़के तीन बजकर 40 मिनट पर पुलिस और एसओजी की टीम आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी के पास सर्विस रोड पर वाहनों की जांच कर रही थी तभी सूचना मिली कि बाबा मिलन दास (60) की हत्या के मामले में वांछित इजराइल ताजपुर गांव के अंडरपास के पास मौजूद है और अपने एक सहयोगी का इंतजार कर रहा है।
सूचना के आधार पर बांगरमऊ थाने की पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को घेर लिया और उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। एक गोली उपनिरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी, जबकि एसओजी कांस्टेबल विकास भदौरिया के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में इजराइल घायल हो गया। उसे तत्काल बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घायल कांस्टेबल विकास भदौरिया का उपचार जारी है।
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से .315 बोर का एक देसी तमंचा, दो खोखे और एक चाकू बरामद किया है। अधिकारियों का मानना है कि बरामद चाकू हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार हो सकता है।
पुलिस के अनुसार, नौ जून को उन्नाव जिले के बांगरमऊ क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मंदिर में अज्ञात हमलावरों ने संत राम मिलन दास उर्फ बाबा मिलन दास की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया था और लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था।
पुलिस ने बताया कि बाबा मिलन दास लंबे समय से शहर के पश्चिमी हिस्से में स्थित बोधेश्वर मंदिर में सेवाएं दे रहे थे। लगभग छह महीने पहले उन्होंने अपने घर से करीब 200 मीटर दूर एक नए मंदिर का निर्माण शुरू कराया था और अपना अधिकांश समय वहीं बिताते थे।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन बाबा मिलन दास मंदिर परिसर में मौजूद थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोग उन्हें बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भाषा सं जफर शोभना खारी
खारी