इमामी के चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ 11.72 प्रतिशत घटकर 143.17 करोड़ रुपये
इमामी के चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ 11.72 प्रतिशत घटकर 143.17 करोड़ रुपये
नयी दिल्ली, 21 मई (भाषा) रोजमर्रा के उपभोग का सामान (एफएमसीजी) बनाने वाली कंपनी इमामी लिमिटेड का 31 मार्च, 2026 को समाप्त बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही का एकीकृत शुद्ध मुनाफा 11.72 प्रतिशत घटकर 143.17 करोड़ रुपये रहा है। इसकी मुख्य वजहें गर्मियों के पोर्टफोलियो पर असर डालने वाली प्रतिकूल मौसमी स्थितियां और पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक उथल-पुथल रहीं।
इमामी लिमिटेड ने एक नियामकीय सूचना में यह जानकारी दी। इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी ने 162.17 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ कमाया था।
कंपनी ने बताया कि चौथी तिमाही में उसका एकीकृत परिचालन राजस्व 925.1 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में यह 963.05 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने कहा कि समीक्षाधीन तिमाही में कुल खर्च 738.4 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 743.61 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने बताया कि इस तिमाही के दौरान अंतरराष्ट्रीय कारोबार में पांच प्रतिशत की गिरावट आई। इसकी मुख्य वजह पश्चिम एशिया का संघर्ष रहा, जिसने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले मार्गों को प्रभावित किया, आपूर्ति श्रृंखला को बाधित किया और माल ढुलाई की लागत बढ़ा दी।
इमामी के वाइस चेयरमैन और प्रबंध निदेशक, हर्ष वी. अग्रवाल ने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही पर कुछ अस्थायी बाहरी चुनौतियों का असर पड़ा। इनमें गर्मियों के पोर्टफोलियो पर असर डालने वाली प्रतिकूल मौसमी स्थितियां और पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक उथल-पुथल शामिल हैं। इनसे इस तिमाही के दौरान कुल कारोबारी प्रदर्शन को प्रभावित हुआ।’’
कंपनी ने बताया कि पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 775.26 करोड़ रुपये रुपये रहा, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 802.74 करोड़ रुपये रुपये था। वहीं, परिचालन राजस्व 3,779.51 करोड़ रुपये रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2024-25 में यह 3,809.19 करोड़ रुपये रुपये था।
कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान, उसके निदेशक मंडल ने 10 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से अंतरिम लाभांश की घोषणा की, जिसका कुल भुगतान 436.5 करोड़ रुपये रुपये रहा।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


