ईएसएएफ स्मॉल फाइनेंस बैंक मुनाफे में लौटा, पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 80 करोड़ रुपये

ईएसएएफ स्मॉल फाइनेंस बैंक मुनाफे में लौटा, पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 80 करोड़ रुपये

ईएसएएफ स्मॉल फाइनेंस बैंक मुनाफे में लौटा, पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 80 करोड़ रुपये
Modified Date: July 31, 2026 / 04:10 pm IST
Published Date: July 31, 2026 4:10 pm IST

नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) ईएसएएफ स्मॉल फाइनेंस बैंक का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 80 करोड़ रुपये रहा। अधिक आय तथा डूबे कर्ज में कमी के साथ बैंक मुनाफे में आया है।

केरल स्थित इस बैंक को वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में 81 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था।

बैंक ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 1,346 करोड़ रुपये हो गई जो एक साल पहले की समान अवधि में 1,023 करोड़ रुपये थी।

इस दौरान ब्याज आय 32 प्रतिशत बढ़कर 1,098 करोड़ रुपये हो गई जो एक वर्ष पहले 828 करोड़ रुपये थी।

बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) बढ़कर 7.9 प्रतिशत हो गया जबकि वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में छह प्रतिशत था।

बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता में भी सुधार हुआ। 30 जून, 2026 तक सकल अग्रिमों के अनुपात में सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) घटकर 5.40 प्रतिशत रह गईं जो पिछले वर्ष की समान तिमाही के अंत में 7.48 प्रतिशत थीं।

शुद्ध अग्रिमों के अनुपात में शुद्ध एनपीए भी उल्लेखनीय रूप से घटकर 0.83 प्रतिशत रह गया जो एक साल पहले 3.77 प्रतिशत था।

प्रावधान कवरेज अनुपात भी 30 जून, 2025 के 73.2 प्रतिशत से बढ़कर 85.5 प्रतिशत हो गया।

ईएसएएफ स्मॉल फाइनेंस बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के. पॉल थॉमस ने कहा, ‘‘ वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही ईएसएएफ बैंक के बदलाव के सफर में लगातार प्रगति को दर्शाती है। विविधीकृत, सुरक्षित और ग्राहक-केंद्रित ऋण खंड तैयार करने की हमारी रणनीति से वृद्धि, लाभ तथा परिसंपत्ति गुणवत्ता के मोर्चे पर उत्साहजनक परिणाम मिल रहे हैं।’’

भाषा निहारिका रमण

रमण


लेखक के बारे में