अंडमान निकोबार के द्वीपों तक गैस सिलेंडर पहुंचाने के लिए जहाज किराए पर लेगी इंडियन ऑयल

अंडमान निकोबार के द्वीपों तक गैस सिलेंडर पहुंचाने के लिए जहाज किराए पर लेगी इंडियन ऑयल

अंडमान निकोबार के द्वीपों तक गैस सिलेंडर पहुंचाने के लिए जहाज किराए पर लेगी इंडियन ऑयल
Modified Date: July 31, 2026 / 03:48 pm IST
Published Date: July 31, 2026 3:48 pm IST

श्री विजय पुरम, 31 जुलाई (भाषा) अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के दूरदराज के द्वीपों में एलपीजी सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन अलग से एक पोत को किराए पर लेने की योजना बना रही है।

इस पोत के जरिए सार्वजनिक पेट्रोलियम कंपनी के श्री विजय पुरम बॉटलिंग संयंत्र से वितरकों और एक्सटेंशन काउंटरों तक एलपीजी सिलेंडरों को पहुंचाया जाएगा।

इंडियन ऑयल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि पोत परिवहन के कार्यक्रम में व्यवधान आने से द्वीपसमूह के कई दूरस्थ द्वीपों में एलपीजी आपूर्ति समय-समय पर प्रभावित होती रही है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा, “नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों का विभाग लगातार हमें एक समर्पित परिवहन व्यवस्था स्थापित करने की सलाह दे रहा था, जिससे द्वीपों में एलपीजी वितरण नेटवर्क को स्थायी रूप से मजबूत किया जा सके।”

अधिकारी ने कहा, “इसी को ध्यान में रखते हुए हमने लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करने के लिए एक समर्पित पोत रखने का निर्णय लिया है।”

इन निर्देशों के तहत इंडियन ऑयल ने अब भरे हुए एलपीजी सिलेंडर के समर्पित मल्टी-मोडल परिवहन के लिए पांच साल के अनुबंध हेतु निविदाएं आमंत्रित की हैं। सरकारी खरीद पोर्टल जीईएम के माध्यम से जारी इस निविदा का अनुमानित मूल्य 58.90 करोड़ रुपये है।

समर्पित एलपीजी पोत से गैस सिलेंडरों की ढुलाई में उल्लेखनीय सुधार होगा, अनियमित कार्यक्रम के कारण होने वाले व्यवधान कम होंगे और दूरस्थ द्वीपों में रहने वाले उपभोक्ताओं को समय पर एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हो सकेंगे।

हाल ही में घरेलू एलपीजी संकट के चलते ग्रेट निकोबार द्वीप के निवासियों ने रसोई गैस आपूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। हाल के दिनों में अन्य दूरस्थ द्वीपों में भी इसी तरह की स्थिति देखी गई थी।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण


लेखक के बारे में