अप्रैल में निर्यात 30.7 प्रतिशत बढ़ा, व्यापार घाटा 20.11 अरब डॉलर पर पहुंचा

Ads

अप्रैल में निर्यात 30.7 प्रतिशत बढ़ा, व्यापार घाटा 20.11 अरब डॉलर पर पहुंचा

  •  
  • Publish Date - May 13, 2022 / 03:32 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:26 PM IST

नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) पेट्रोलियम उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक सामान और रसायन जैसे क्षेत्रों के अच्छे प्रदर्शन के कारण अप्रैल में भारत का उत्पाद निर्यात 30.7 प्रतिशत बढ़कर 40.19 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।

वाणिज्य मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। समीक्षाधीन माह में देश का व्यापार घाटा बढ़कर 20.11 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इस दौरान आयात 30.97 प्रतिशत बढ़कर 60.3 अरब डॉलर हो गया।

इससे पहले अप्रैल 2021 में व्यापार घाटा 15.29 अरब डॉलर रहा था।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, ‘‘पिछले वित्त वर्ष में रिकॉर्ड प्रदर्शन के बाद अप्रैल 2022 में भी निर्यात में मजबूत वृद्धि रही। वस्तुओं का निर्यात 40 अरब डॉलर को पार कर एक नई ऊंचाई पर पहुंच गया।’’

समीक्षाधीन माह में पेट्रोलियम एवं कच्चे तेल का आयात 87.54 प्रतिशत बढ़कर 20.2 अरब डॉलर हो गया। कोयला, कोक और ब्रिकेट्स (कोयले की ईंट) का आयात बढ़कर 4.93 अरब डॉलर हो गया जो अप्रैल 2021 में दो अरब डॉलर था।

हालांकि, अप्रैल 2022 में सोने का आयात लगभग 72 प्रतिशत घटकर 1.72 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया, जो अप्रैल 2021 में 6.23 अरब डॉलर था।

इंजीनियरिंग वस्तुओं का निर्यात 15.38 फीसदी बढ़कर 9.2 अरब डॉलर हो गया, जबकि पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात 113.21 फीसदी बढ़कर 7.73 अरब डॉलर हो गया।

भाषा पाण्डेय प्रेम

प्रेम

शीर्ष 5 समाचार