(एम जुल्करनैन)
इस्लामाबाद, 28 जुलाई (भाषा) अमेरिका के दो सांसदों ने रावलपिंडी में पाकिस्तान के सेनाध्यक्ष आसिम मुनीर से मुलाकात की है। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब दोनों देश द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ करने की कोशिश कर रहे हैं।
सेना की मीडिया इकाई ‘इंटर-सर्विस पब्लिक रिलेशंस’ (आईएसपीआर) ने एक बयान में कहा कि यह मुलाकात सोमवार को रावलपिंडी स्थित सेना मुख्यालय में हुई।
बयान के मुताबिक, अमेरिकी कांग्रेस (संसद) के निचले सदन ‘हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव’ में मोंटाना से सदस्य रयान जिंके और वॉशिंगटन से सदस्य माइकल बॉमगार्टनर ने फील्ड मार्शल मुनीर के साथ अपनी बैठक के दौरान पारस्परिक हित के मुद्दों, क्षेत्रीय सुरक्षा, द्विपक्षीय रक्षा सहयोग और आर्थिक सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।
अमेरिका की सत्तारूढ़ रिपब्लिकन पार्टी के दोनों सांसदों की पाकिस्तान यात्रा ऐसे समय हो रही है जब दोनों देशों के बीच संबंधों में नयी गर्माहट आई है। पिछले साल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दोबारा पद संभालने के बाद से दोनों पक्षों ने उच्चस्तरीय राजनीतिक, रक्षा और आर्थिक संपर्क बढ़ाया है।
दोनों अमेरिकी सांसद पिछले हफ्ते पाकिस्तान पहुंचे। उन्होंने लाहौर यात्रा के दौरान पंजाब के गवर्नर सरदार सलीम हैदर खान से भी मुलाकात की।
पाकिस्तान के सरकारी टेलीविजन चैनल से बातचीत में बॉमगार्टनर ने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध ‘‘और मजबूत होने वाले हैं।’’
जिंके ने कहा, ‘‘संबंध पहले कभी इतने अच्छे नहीं रहे’’।
भाषा धीरज नेत्रपाल
नेत्रपाल