जम्मू, 22 अप्रैल (भाषा) गुजरात से पहली विशेष दूध मालगाड़ी आने से जम्मू कश्मीर में डेयरी उत्पादों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। इस पहल से क्षेत्र में दूध और अन्य डेयरी उत्पादों की उपलब्धता को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों ने इस घटनाक्रम को ‘ऐतिहासिक उपलब्धि’ बताते हुए कहा कि इस पहल से खाद्य सुरक्षा काफी मजबूत होगी और पूरे क्षेत्र में पौष्टिक डेयरी उत्पादों की लगातार उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
यह दूरदराज के इलाकों तक आपूर्ति श्रृंखला को बेहतर बनाने के प्रति भारतीय रेलवे की प्रतिबद्धता को भी दिखाता है।
गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (अमूल) के डेयरी उत्पादों से भरे 20 बीसीएन वैगन से लैस यह विशेष मालगाड़ी 20 अप्रैल को अहमदाबाद मंडल के लिंच गुड्स शेड से रवाना हुई थी और जम्मू मंडल के बारी ब्राह्मण एवं अनंतनाग गुड्स शेड तक पहुंची।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 10 वैगन बारी ब्राह्मण में और बाकी वैगन अनंतनाग में खाली किए गए, और हर सेट में लगभग 500 टन डेयरी उत्पाद थे।
उन्होंने कहा, ‘‘इस खेप में टोंड दूध, दूध पाउडर, छाछ, लस्सी और अन्य ज़रूरी डेयरी उत्पाद शामिल थे।’’
जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा, ‘‘अमूल दूध और डेयरी उत्पाद ले जाने वाली पहली विशेष मालगाड़ी के आने की योजना जम्मू और कश्मीर के निवासियों, व्यापारियों और परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई गई है। इससे जम्मू और आस-पास के इलाकों में ताजा डेयरी उत्पादों की चौबीसों घंटे उपलब्धता सुनिश्चित होगी।’’
उन्होंने कहा कि इस सीधे रेल संपर्क से सड़क मार्ग की तुलना में परिवहन लागत और समय में काफी कमी आएगी, जिससे स्थानीय बाजारों और उपभोक्ताओं को फायदा होगा।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम