ओयो सहित पांच कंपनियों को सेबी से आईपीओ की मंजूरी मिली

Ads

ओयो सहित पांच कंपनियों को सेबी से आईपीओ की मंजूरी मिली

  •  
  • Publish Date - June 5, 2026 / 06:58 PM IST,
    Updated On - June 5, 2026 / 06:58 PM IST

नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) ओयो की मूल कंपनी प्रिज्म, वारबर्ग पिंकस समर्थित ट्रूहोम फाइनेंस और रियल एस्टेट डेवलपर वीगलैंड डेवलपर्स सहित पांच कंपनियों को बाजार नियामक सेबी से अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की मंजूरी मिल गई है। पूंजी बाजार नियामक सेबी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से मंजूरी प्राप्त करने वाली अन्य कंपनियां कृषि समाधान फर्म एडवांटा एंटरप्राइजेज और मेहता हाईटेक इंडस्ट्रीज हैं।

सेबी के अनुसार, नियामक ने एक से पांच जून के बीच इन कंपनियों के आईपीओ के मसौदा पत्रों पर अपनी टिप्पणियां जारी कीं। कंपनियों को अपने सार्वजनिक निर्गम की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए सेबी की टिप्पणियां आवश्यक हैं।

नियामक को जनवरी और मार्च के बीच सभी पांच कंपनियों के आईपीओ दस्तावेज प्राप्त हुए थे।

मर्चेंट बैंकर के अनुसार, अनुमान है कि ये पांचों कंपनियां सामूहिक रूप से लगभग 10,000 करोड़ रुपये जुटाएंगी।

वैश्विक यात्रा प्रौद्योगिकी यूनिकॉर्न – ओयो की मूल कंपनी प्रिज्म अपने आईपीओ के जरिये 6,650 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। घटनाक्रम से परिचित लोगों के अनुसार, प्रस्तावित आईपीओ से कंपनी का मूल्यांकन लगभग सात से आठ अरब अमेरिकी डॉलर होने की उम्मीद है।

ट्रूहोम फाइनेंस के प्रस्तावित आईपीओ में प्रवर्तक मैंगो क्रेस्ट इन्वेस्टमेंट लिमिटेड द्वारा 1,500 करोड़ रुपये के शेयरों का नया निर्गम और 1,500 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है।

वी-गार्ड ग्रुप की कंपनी वीगलैंड डेवलपर्स, शेयरों के बिल्कुल नए निर्गम के माध्यम से 250 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। प्रस्तावित निर्गम में कोई ओएफएस शामिल नहीं है।

भाषा यासिर अजय

अजय