एफएसएसएआई ने नीलगिरी ऑयल एंड एलाइड इंडस्ट्रीज, एक्वाग्री को दो उत्पाद वापस लेने का निर्देश दिया

Ads

एफएसएसएआई ने नीलगिरी ऑयल एंड एलाइड इंडस्ट्रीज, एक्वाग्री को दो उत्पाद वापस लेने का निर्देश दिया

  •  
  • Publish Date - September 12, 2026 / 03:41 PM IST,
    Updated On - September 12, 2026 / 03:41 PM IST

नयी दिल्ली, 12 सितंबर (भाषा) खाद्य नियामक भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने अधिक मात्रा में कीटनाशक अवशेष और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते दो कंपनियों को अपने दो उत्पाद बाजार से तत्काल वापस लेने का आदेश दिया है।

एफएसएसएआई ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उसने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत प्रयोगशाला जांच और मूल्यांकन के बाद दो खाद्य कारोबार संचालकों (एफबीओ) को उत्पाद वापस लेने के आदेश जारी किए हैं।

नियामक ने नीलगिरी ऑयल एंड एलाइड इंडस्ट्रीज को उसके ‘शालीमार्स शेफ- धनिया पाउडर’ में अधिक मात्रा में कीटनाशक अवशेष पाए जाने के कारण इसे बाजार से तत्काल वापस लेने का आदेश दिया है। वहीं, एक्वाग्री प्रोसेसिंग को सुरक्षा संबंधी चिंता के चलते ‘कैराजीनन’ उत्पाद को बाजार से तत्काल वापस लेने का निर्देश दिया गया है।

एफएसएसएआई द्वारा लिए गए ‘कैराजीनन’ के नियामक नमूने में कैडमियम की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। खाद्य विश्लेषक ने नमूने को ‘असुरक्षित’ बताया। दोबारा जांच में भी यही परिणाम आया।

नियामक ने कहा कि रेफरल खाद्य प्रयोगशाला के निष्कर्षों के आधार पर ‘कैराजीनन’ उत्पाद को असुरक्षित पाया गया और इसका विनिर्माण खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके तहत बनाए गए नियमों एवं विनियमों के प्रावधानों का उल्लंघन है।

नीलगिरी ऑयल एंड एलाइड इंडस्ट्रीज के मामले में एफएसएसएआई ने ‘शालीमार्स शेफ- धनिया पाउडर’ को तत्काल बाजार से वापस लेने का आदेश दिया है। कंपनी के परिसर से लिए गए नियामक नमूने में कीटनाशक अवशेष निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए और नमूने को ‘असुरक्षित’ बताया गया। दोबारा जांच में भी नमूना कीटनाशक अवशेष के मामले में संतोषजनक नहीं पाया गया।

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय