मेरठ, 12 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में दिल्ली रोड स्थित एक होटल में शनिवार को अचानक लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और होटल के कमरों तथा पार्किंग में खड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि परतापुर थाना क्षेत्र स्थित होटल में लगी आग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस के अनुसार, होटल अविका में आग की लपटें दिखाई देते ही वहां मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने बताया कि सभी लोग तत्काल होटल से बाहर निकल आए और स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को आग की सूचना दी, जिसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
पुलिस के मुताबिक, आग इतनी तेज थी कि इसकी लपटें होटल के कमरों तक पहुंच गईं और आसपास धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।
पुलिस ने बताया कि दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका हालांकि इस दौरान पार्किंग में खड़ी दो कारें पूरी तरह जल गईं।
पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोसले ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।
भोसले ने बताया कि सूचना मिलते ही अलग-अलग थानों की टीमों को मौके पर भेजा गया।
उन्होंने बताया कि होटल को पूरी तरह जांचा गया और यह सुनिश्चित किया गया कि अंदर कोई व्यक्ति फंसा न हो।
अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और अग्निशमन विभाग की टीम आग के कारणों की जांच करेगी।
अधिकारी ने बताया कि फिलहाल आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र