उप्र: गोरखपुर में फ्लैट से बरामद आईआईटी इंजीनियर का शव

Ads

उप्र: गोरखपुर में फ्लैट से बरामद आईआईटी इंजीनियर का शव

  •  
  • Publish Date - September 12, 2026 / 04:32 PM IST,
    Updated On - September 12, 2026 / 04:32 PM IST

गोरखपुर, 12 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में सहारा एस्टेट स्थित मल्हार अपार्टमेंट में एक आईआईटी इंजीनियर का शव उसके फ्लैट से बरामद किया गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, 45 वर्षीय अभिषेक त्रिपाठी का शव शुक्रवार सुबह मल्हार अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या 202 से बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि वह फ्लैट में अकेले रहते थे।

पुलिस के मुताबिक, ऐसा प्रतीत होता है कि अभिषेक की मौत चार दिन पहले हुई है और पोस्टमार्टम में तत्काल मृत्यु के कारण का पता नहीं चल सका।

क्षेत्राधिकारी (सीओ) कीर्ति निधि आनंद ने बताया कि फ्लैट अंदर से बंद था। उन्होंने बताया, ‘‘कमरा अस्त-व्यस्त पाया गया। मोबाइल फोन ‘लॉक’ है और उसे खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।’’

पड़ोसियों के अनुसार, त्रिपाठी ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) से पढ़ाई की थी और नोएडा में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम करते थे।

पुलिस ने बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान ‘वर्क फ्रॉम होम’ के कारण अभिषेक गोरखपुर आ गए थे।

पड़ोसियों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले उनकी नौकरी चली गई थी और इसके बाद से वह लखनऊ में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का उपचार करा रहे थे। अधिकारियों के अनुसार, त्रिपाठी अविवाहित थे और उनके छोटे भाई अंबरीश अमेरिका में आईटी क्षेत्र में काम करते हैं और आर्थिक रूप से उनकी मदद करते थे।

उन्होंने बताया कि अंबरिश, अभिषेक के अंतिम संस्कार के लिए गोरखपुर आ रहे हैं।

भाषा सं जफर जितेंद्र

जितेंद्र