नयी दिल्ली, आठ अगस्त (भाषा) फुजियामा पावर सिस्टम्स लिमिटेड (फुजियामा) ने मध्य प्रदेश के रतलाम में दो गीगावॉट का पावर इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण संयंत्र चालू किया है। इसमें विद्युत ऊर्जा को नियंत्रित, परिवर्तित और प्रबंधित करने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों तथा घटकों का उत्पादन किया जाएगा।
कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को बताया कि यह संयंत्र सोलर इनवर्टर, यूपीएस सिस्टम और अन्य संबंधित समाधानों सहित पावर इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला का निर्माण करेगा।
कंपनी ने कहा कि रतलाम संयंत्र उसकी विस्तार परियोजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य रूफटॉप सोलर मूल्य श्रृंखला में अपनी एकीकृत निर्माण क्षमताओं को मजबूत करना है।
फुजियामा के चेयरमैन और संयुक्त प्रबंध निदेशक पवन कुमार गर्ग ने कहा, ”पूरे भारत में रूफटॉप सोलर समाधानों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में पावर इलेक्ट्रॉनिक्स में हमारी निर्माण क्षमताओं को मजबूत करने से हमें परिचालन दक्षता और आपूर्ति श्रृंखला एकीकरण में सुधार करते हुए विश्वसनीय, उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद प्रदान करने में मदद मिलती है।”
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय