गडकरी ने दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा की
गडकरी ने दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा की
नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पंजाब में 4,335 किलोमीटर तथा दिल्ली और हरियाणा में 3,332 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गुणवत्ता तथा रखरखाव की मंगलवार को समीक्षा की।
मंत्री ने मीडिया और सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से सड़कों की स्थिति के संबंध में प्राप्त सूचनाओं के बाद यह समीक्षा की।
यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, गडकरी ने समीक्षा के दौरान राजमार्ग परियोजनाओं की जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन में तेजी लाने और कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने परियोजना की गुणवत्ता की निरंतर निगरानी के महत्व पर जोर दिया और एजेंसियों को आधुनिक निर्माण प्रौद्योगिकियों तथा उच्चतम इंजीनियरिंग तरीकों को अपनाने का निर्देश दिया, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग लंबे समय तक मजबूती से टिकें।
गडकरी ने पंजाब, दिल्ली और हरियाणा के प्रमुख राजमार्गों पर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने तथा यात्रा की गुणवत्ता में सुधार लाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे निर्माण और रखरखाव में उच्च मानकों को प्राथमिकता दें।
उन्होंने रखरखाव कार्यों में अधिक जवाबदेही की भी मांग की तथा कमियों की पहचान करने और समय पर उनका समाधान करने के लिए नियमित निरीक्षण पर जोर दिया।
मंत्री ने अधिकारियों को सभी राजमार्ग खंडों पर मानसून की तैयारी के लिए अग्रिम उपाय करने का निर्देश भी दिया।
उन्होंने मानसून के दौरान समस्याओं को कम करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी जल निकासी प्रबंधन, ढलान संरक्षण उपायों तथा त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र के महत्व पर भी जोर दिया।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


