गडकरी ने एनएचएलएमएल की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

Ads

गडकरी ने एनएचएलएमएल की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 04:20 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 04:20 PM IST

नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने देशभर में विकसित किए जा रहे बहु-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क (एमएमएलपी), रोपवे, इंटरमॉडल स्टेशन और राजमार्गों के किनारे स्थित सुविधाओं की परियोजना-स्तरीय प्रगति की सोमवार को समीक्षा की।

आधिकारिक बयान के अनुसार, नेशनल हाईवेज लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (एनएचएलएमएल) की समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने भविष्य की जरूरतों के अनुरूप एकीकृत परिवहन तंत्र के निर्माण में इन परिवर्तनकारी पहल के रणनीतिक महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं बहु-माध्यम संपर्क को मजबूत करेंगी, नए आर्थिक अवसरों के द्वार खोलेंगी, संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देंगी और भारत की समग्र लॉजिस्टिक्स प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाएंगी।

गडकरी ने परियोजनाओं के क्रियान्वयन को प्रभावित करने वाली प्रमुख चुनौतियों का भी आकलन किया और सभी संबंधित पक्षों को प्राथमिकता के आधार पर बाधाओं को दूर कर परियोजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के समयबद्ध तरीके से पूरा होने से लॉजिस्टिक दक्षता में सुधार होगा, परिवहन लागत कम होगी और यात्रियों को विश्वस्तरीय अवसंरचना तथा सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

भाषा निहारिका अजय

अजय