मुंबई में चॉल ढहने से छह लोगों की मौत के मामले में दो लोग गिरफ्तार

Ads

मुंबई में चॉल ढहने से छह लोगों की मौत के मामले में दो लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 05:44 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 05:44 PM IST

मुंबई, छह जुलाई (भाषा) मुंबई के मानखुर्द इलाके में एक दिन पहले चॉल ढहने से हुई छह लोगों की मौत के मामले में दो लोगों को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

भारी बारिश के बाद रविवार रात शहर के पूर्वी हिस्से के मंडला इलाके के जनता नगर में तीन मंजिला चॉल ढह गई थी।

मानखुर्द पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि मोहम्मद मुख्तार अब्दुल अली शेख (53) की शिकायत पर ‘गैर-इरादतन हत्या’ और अन्य अपराधों के लिए भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि यह मामला इमारत के मालिक, निर्माण कार्य में शामिल ठेकेदार, चॉल के मालिक और अन्य निजी व्यक्तियों व सरकारी अधिकारियों के खिलाफ दर्ज किया गया है, जिन्होंने कथित तौर पर जान-बूझकर अवैध निर्माण में मदद की या उसे बढ़ावा दिया।

शेख की शिकायत के अनुसार, इमारत का निर्माण बिना जरूरी मंजूरी और सुरक्षा नियमों का पालन किए किया गया था।

अधिकारी ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि यह पता होने के बावजूद कि इमारत कुछ समय से खतरनाक हालत में थी, जिम्मेदार लोगों ने कथित तौर पर कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाए या पास की चॉल के लिए सुरक्षा के उपाय नहीं किए।

इससे पहले दिन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिजनों के लिए पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की।

भाषा संतोष प्रशांत

प्रशांत