एपस्टीन फाइल में नाम आने के विवाद के बीच एआई समिट से नदारद रहे गेट्स

Ads

एपस्टीन फाइल में नाम आने के विवाद के बीच एआई समिट से नदारद रहे गेट्स

  •  
  • Publish Date - February 19, 2026 / 06:31 PM IST,
    Updated On - February 19, 2026 / 06:31 PM IST

नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में अपना पूर्व निर्धारित मुख्य भाषण नहीं दिया। उनके फाउंडेशन ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी।

हालांकि, फाउंडेशन ने कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया, लेकिन यह निर्णय तब आया है जब यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से संबंधित दस्तावेजों में गेट्स का नाम आने के बाद आयोजकों ने उन्हें मंच देने पर असहजता व्यक्त की थी।

सरकारी सूत्रों ने 17 फरवरी को ही कहा था कि एपस्टीन प्रकरण के खुलासे से बहुत पहले गेट्स को दिया गया निमंत्रण वापस ले लिया गया है और वह 16 फरवरी से शुरू हुए इस पांच दिवसीय सम्मेलन में भाग नहीं लेंगे।

उस दिन गेट्स फाउंडेशन के एक प्रवक्ता ने इस बात का खंडन करते हुए कहा था कि वह वास्तव में भाग ले रहे हैं।

बृहस्पतिवार को गेट्स फाउंडेशन ने स्पष्ट किया कि वह शिखर सम्मेलन में नहीं बोलेंगे ताकि सम्मेलन के मुख्य उद्देश्य से ध्यान न भटके।

फाउंडेशन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘गेट्स फाउंडेशन का प्रतिनिधित्व अफ्रीका और भारत कार्यालयों के अध्यक्ष अंकुर वोरा करेंगे। सावधानीपूर्वक विचार करने के बाद और यह सुनिश्चित करने के लिए कि ध्यान शिखर सम्मेलन की मुख्य प्राथमिकताओं पर बना रहे, गेट्स अपना मुख्य भाषण नहीं देंगे।’

गेट्स फाउंडेशन ने कहा कि वह स्वास्थ्य और विकास के साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए भारत में अपने काम के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

एआई इम्पैक्ट समिट की आधिकारिक वेबसाइट पर वक्ताओं के रूप में शामिल प्रौद्योगिकी दिग्गजों, नीति निर्माताओं और उद्योग जगत के नेताओं में बिल गेट्स का नाम भी प्रमुखता से शामिल था। हालांकि, बाद में उनका नाम हटा दिया गया था।

इस बीच, अल्फाबेट और गूगल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुंदर पिचाई, मेटा के मुख्य एआई अधिकारी अलेक्जेंडर वांग, सर्वम के सह-संस्थापक प्रत्यूष कुमार और गूगल डीपमाइंड के सीईओ डेमिस हसाबिस सहित अन्य प्रौद्योगिकी दिग्गजों ने इस सम्मेलन में भाग लिया।

प्रमुख प्रतिभागियों की सूची महीनों पहले तय कर ली गई थी, जबकि एपस्टीन फाइल से जुड़े खुलासे हाल के हफ्तों में हुए हैं।

हालांकि, गेट्स पर एपस्टीन के किसी भी पीड़ित द्वारा गलत काम करने का आरोप नहीं लगाया गया है, लेकिन अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी रिकॉर्ड में एपस्टीन का एक आरोप शामिल है कि बिल गेट्स को यौन संचारित रोग हुआ था।

गेट्स के प्रवक्ता ने इस दावे को ‘पूरी तरह से बेतुका’ करार दिया था।

गेट्स सोमवार को भारत पहुंचे थे। उनकी यात्रा का पहला पड़ाव विजयवाड़ा था, जहां उन्होंने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री के पवन कल्याण और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की।

भाषा सुमित अजय

अजय