कोलंबो, 19 फरवरी (भाषा) कप्तान सिकंदर रजा ने कहा कि टी20 विश्व कप ग्रुप चरण में जिम्बाब्वे के प्रदर्शन को सभी ने सराहा है और उम्मीद है कि कठिन प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ सुपर आठ चरण में वे उसी ‘छिपे रूस्तम’ वाली कहानी को दोहरा सकेंगे जिसे दुनिया में सभी पसंद करते हैं ।
जिम्बाब्वे ने आस्ट्रेलिया और श्रीलंका को ग्रुप बी के मैचों में हराया ।
रजा ने श्रीलंका को हराने के बाद कहा ,‘‘ हम आगे के मैचों पर नजरें रखते हैं । अगर वर्तमान पर रखेंगे तो कोई हमसे उम्मीद नहीं करेगा । सभी के दिल जीतने और सम्मान पाने के लिये यह सर्वश्रेष्ठ स्थिति है ।’’
अब जिम्बाब्वे को सुपर आठ में भारत, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका से खेलना है ।
रजा ने कहा ,‘‘ हम मैच दर मैच रणनीति बनायेंगे । हम 21 को पहुंचेगे और 22 को अभ्यास करेंगे । अगर तीन में से दो मैच भी जीत सके तो कुछ भी हो सकता है । सभी को छिपे रूस्तम की कहानी पसंद है ।’’
भाषा मोना नमिता
नमिता