प्रधानमंत्री मोदी और अबू धाबी के युवराज ने द्विपक्षीय निवेश प्रवाह को सराहा

Ads

प्रधानमंत्री मोदी और अबू धाबी के युवराज ने द्विपक्षीय निवेश प्रवाह को सराहा

  •  
  • Publish Date - February 19, 2026 / 07:42 PM IST,
    Updated On - February 19, 2026 / 07:42 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अबू धाबी के युवराज (क्राउन प्रिंस) शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने बृहस्पतिवार को दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण द्विपक्षीय निवेश प्रवाह की सराहना की। उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के ‘सॉवरेन वेल्थ फंड’ को भारतीय अर्थव्यवस्था में निवेश जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ से इतर हुई बैठक में दोनों नेताओं ने रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, निवेश, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की सराहना की।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) द्वारा जारी बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने महत्वपूर्ण द्विपक्षीय निवेश प्रवाह की सराहना की और यूएई के सॉवरेन संपदा कोषों को भारतीय अर्थव्यवस्था में अपना निवेश जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

इसी क्रम में दोनों नेताओं ने आपसी लाभ के लिए साझेदारी को मजबूत करने को नए सॉवरेन फंड ‘एल-इमाद’ की क्षमता को भी रेखांकित किया।

उन्होंने अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और नवाचार जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में भारत और यूएई के बीच सहयोग के अवसरों पर चर्चा की।

दोनों नेताओं ने स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग के लिए भारत के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और यूएई के स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच समझौता ज्ञापन को अंतिम रूप दिए जाने का स्वागत किया।

यह समझौता दोनों देशों के लोगों के लिए फायदेमंद होगा और पेशेवर आदान-प्रदान, संस्थागत सहयोग, अनुसंधान, डिजिटल स्वास्थ्य, फार्मास्युटिकल तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक प्रौद्योगिकियों के विकास में संयुक्त प्रयासों को बढ़ावा देगा।

युवराज ने एआई इम्पैक्ट समिट की सफलता पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई भी दी। भारत मंडपम में आयोजित इस पांच दिन के शिखर सम्मेलन में दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्षों सहित 500 से अधिक एआई दिग्गज और विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।

भाषा सुमित अजय

अजय