नई शृंखला में 2026-27 के लिए जीडीपी वृद्धि अनुमान बढ़ाकर 7.0-7.4 प्रतिशत किया गयाः सीईए

Ads

नई शृंखला में 2026-27 के लिए जीडीपी वृद्धि अनुमान बढ़ाकर 7.0-7.4 प्रतिशत किया गयाः सीईए

  •  
  • Publish Date - February 27, 2026 / 06:04 PM IST,
    Updated On - February 27, 2026 / 06:04 PM IST

नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) नई सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) शृंखला जारी होने के बाद अगले वित्त वर्ष के लिए आर्थिक वृद्धि अनुमान को 0.20 प्रतिशत बढ़ाकर 7 से 7.4 प्रतिशत कर दिया गया है। मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) वी. अनंत नागेश्वरन ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

जनवरी में संसद में पेश आर्थिक समीक्षा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए वृद्धि दर के 6.8-7.2 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया गया था।

नागेश्वरन ने नयी जीडीपी शृंखला जारी होने के मौके पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, “हम वित्त वर्ष 2026-27 के लिए वृद्धि दर का अनुमान पहले के 6.8-7.2 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.0-7.4 प्रतिशत कर रहे हैं। हालांकि अर्थव्यवस्था के सात प्रतिशत के बजाय 7.4 प्रतिशत के करीब बढ़ने की अधिक संभावना है।”

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय ने वार्षिक और तिमाही राष्ट्रीय लेखा अनुमान की नई शृंखला जारी की है जिसका आधार वर्ष 2022-23 रखा गया है। इससे पहले आधार वर्ष 2011-12 था।

आधार वर्ष बदलने का उद्देश्य अर्थव्यवस्था की वर्तमान संरचना और गतिविधियों को अधिक सटीक रूप से दर्शाना है।

नागेश्वरन ने कहा कि मौजूदा आर्थिक संकेतकों के आधार पर मौजूदा कीमतों पर जीडीपी की वृद्धि दर करीब 11 प्रतिशत रह सकती है जबकि अर्थव्यवस्था का आकार 4,000 अरब डॉलर के स्तर को आसानी से पार कर जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था व्यापक आधार वाली गतिविधियों के समर्थन से मजबूत वृद्धि की रफ्तार बनाए हुए है।

नई राष्ट्रीय आय शृंखला के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष (2025-26) में जीडीपी वृद्धि दर 7.6 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो पिछले वित्त वर्ष के 7.1 प्रतिशत से अधिक है।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण