अमेरिका, कनाडा यात्रा से लौटे मुख्यमंत्री ने कहा, वैश्विक कंपनियां गुजरात में निवेश की इच्छुक
अमेरिका, कनाडा यात्रा से लौटे मुख्यमंत्री ने कहा, वैश्विक कंपनियां गुजरात में निवेश की इच्छुक
अहमदाबाद, 27 अगस्त (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बृहस्पतिवार को कहा कि ‘वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027’ को बढ़ावा देने के लिए अमेरिका और कनाडा की उनकी यात्रा के दौरान वैश्विक कंपनियों में राज्य में निवेश को लेकर मजबूत रुचि देखी।
आठ दिन की यात्रा के बाद बृहस्पतिवार सुबह लौटे पटेल ने कहा कि राज्य के प्रतिनिधिमंडल ने सेमीकंडक्टर, कृत्रिम मेधा (एआई), डेटा सेंटर, विनिर्माण और गिफ्ट सिटी के लिए वित्तीय सेवाओं जैसे क्षेत्रों की प्रमुख कंपनियों के साथ बैठकें कीं।
पटेल ने हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा, ‘‘हमारी यात्रा के दौरान मेरे प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति वैश्विक स्तर पर जबर्दस्त भरोसा देखा, जिससे विभिन्न क्षेत्रों में भारत में निवेश करने को लेकर वैश्विक कारोबारियों में मजबूत इच्छा पैदा हुई है।’’
उन्होंने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि भारत में आने वाले विदेशी निवेश का एक बड़ा हिस्सा गुजरात में आए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस उद्देश्य से प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख कंपनियों के साथ ‘‘बेहद सफल’’ बैठकें कीं और इन कंपनियों ने गुजरात में निवेश को लेकर उत्साह व्यक्त किया।
पटेल के साथ यात्रा पर गए मुख्य सचिव एम. के. दास ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय हितधारकों के साथ आमने-सामने की बैठकें और गोलमेज सम्मेलन किए।
उन्होंने कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय हितधारकों में भारत और गुजरात, दोनों को लेकर जबर्दस्त उत्साह है। हमारे निमंत्रण के मद्देनजर कई कंपनियों के प्रतिनिधि आगामी ‘वाइब्रेंट गुजरात शिखर सम्मेलन’ में भाग लेने और निवेश की प्रतिबद्धता जताने के लिए गुजरात की यात्रा करेंगे।’’
भाषा निहारिका अजय
अजय

Facebook


