जयपुर, 23 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि जयपुर में 23 से 25 मई तक ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट’ (ग्राम)-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य किसानों, विशेषज्ञों, नीति-निर्माताओं और निवेशकों को एक मंच पर लाना है।
मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में आयोजित ग्राम-2026 निवेशक बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही।
शर्मा ने कहा कि यह आयोजन आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों को सशक्त बनाने और उनकी आय बढ़ाने पर केंद्रित होगा।
उन्होंने कहा, “ग्राम-2026 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सशक्त किसान और समृद्ध भारत’ के दृष्टिकोण को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।”
शर्मा ने निवेशकों और उद्यमियों को इस आयोजन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राजस्थान देश के प्रमुख कृषि राज्यों में से एक है और बाजरा, सरसों, तिलहन, जौ, ग्वार, इसबगोल और जीरे जैसी फसलों के उत्पादन में प्रथम स्थान पर है।
उन्होंने कहा कि राज्य में खाद्य प्रसंस्करण, स्पाइस पार्क और कृषि-निर्यात के क्षेत्र में बड़े अवसर उपलब्ध हैं और सरकार निवेश-अनुकूल परिवेश देने के लिए प्रतिबद्ध है।
शर्मा ने बताया कि ‘राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट’ के दौरान कृषि क्षेत्र में लगभग 44,000 करोड़ रुपये के समझौते हुए थे, जिनमें से 9,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं पहले ही जमीन पर उतारी जा चुकी हैं। ग्राम-2026 इस निवेश यात्रा को आगे बढ़ाएगा।
सरकारी पहलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य में 65,000 से अधिक सोलर पंप सेट लगाए गए हैं, जिन पर 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी दी गई है। इससे किसानों की बिजली लागत कम हुई है और उत्पादकता बढ़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रसंस्करण इकाइयों, वेयरहाउसिंग, डेयरी, मत्स्य पालन और पशुपालन जैसी सहायक गतिविधियों पर भी ध्यान दे रही है ताकि किसानों की आय बढ़ाई जा सके। राज्य में 1,500 से अधिक कृषि प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित की गई हैं और फूड पार्क के लिए भूमि भी चिन्हित की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत देश में सबसे ज्यादा 2 करोड़ 19 लाख पॉलिसी जारी की गई हैं तथा 6 हजार 500 करोड़ रुपये से अधिक के दावे वितरित किए गए हैं।
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि देश के समग्र विकास के लिए कृषि को लाभकारी बनाना आवश्यक है और राजस्थान के नवाचार प्रयासों की सराहना की।
राज्य के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीना ने बताया कि ग्राम-2026 के तहत अहमदाबाद, हैदराबाद और पुणे जैसे शहरों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि नई कृषि तकनीकों के प्रति जागरूकता फैलाई जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन में विशेष सत्र, चर्चाएं होंगी जिनमें महिला उद्यमिता और कृषि क्षेत्र में स्टार्टअप को बढ़ावा दिया जाएगा। इसमें वैज्ञानिकों, उद्योग जगत के नेताओं और किसानों की भागीदारी होगी।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत रमण
रमण
रमण