गोदरेज इंडस्ट्रीज समूह की हरियाणा में 20,000 करोड़ रुपये के निवेश की योजना
गोदरेज इंडस्ट्रीज समूह की हरियाणा में 20,000 करोड़ रुपये के निवेश की योजना
नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) गोदरेज इंडस्ट्रीज समूह ने सोमवार को कहा कि वह हरियाणा में करीब 20,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रहा है। इससे करीब 40,000 रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।
गोदरेज इंडस्ट्रीज समूह (जीआईजी) ने बयान में कहा कि उसने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में हरियाणा सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसमें राज्य में समूह की भविष्य की निवेश योजनाओं का खाका तैयार किया गया है।
समूह ने कहा कि प्रस्तावित निवेश हरियाणा में उसकी मौजूदगी को और मजबूत करेगा। जीआईजी अब तक हरियाणा में करीब 12,000 करोड़ रुपये का निवेश कर चुका है और उसके विभिन्न कारोबार में करीब 9,000 लोग कार्यरत हैं।
समूह की रियल एस्टेट कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड (जीपीएल) इस निवेश योजना को आगे बढ़ाने वाली प्रमुख कंपनी होगी। जीपीएल ने अब तक हरियाणा में करीब 11,000 करोड़ रुपये का निवेश किया है। उसकी वित्त वर्ष 2027-28 तक 16,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करने की योजना है।
कंपनी की फिलहाल गुरुग्राम, सोनीपत, फरीदाबाद, पानीपत और कुरुक्षेत्र में 18 परियोजनाएं हैं। इनकी भावी परियोजनाओं से 11,000 से अधिक रोजगार पैदा होने की उम्मीद है।
बयान के अनुसार, रियल एस्टेट निजी इक्विटी उद्यम गोदरेज वेंचर्स की गुरुग्राम में ‘ग्रेड ए प्लस’ कार्यालयों के बुनियादी ढांचे में 3,500 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करने की योजना बना रहा है। कंपनी हरियाणा में करीब 1,000 करोड़ रुपये का निवेश पहले भी कर चुकी है।
गोदरेज वेंचर्स के प्रस्तावित निवेश से 30,000 से अधिक प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रोजगार पैदा होने की उम्मीद है। इससे गुरुग्राम के वाणिज्यिक परिवेश को मजबूती मिलने के साथ बहुराष्ट्रीय कंपनियों और वैश्विक क्षमता केंद्रों (जीसीसी) के लिए शहर का आकर्षण बढ़ने की संभावना है।
जीआईजी के चेयरपर्सन पिरोजशा गोदरेज ने कहा, ‘‘हरियाणा गोदरेज इंडस्ट्रीज समूह के लिए वृद्धि का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरा है। इसकी अर्थव्यवस्था का विस्तार, तेजी से होता शहरीकरण और गुरुग्राम का प्रमुख वाणिज्यिक एवं रोजगार केंद्र के रूप में उभरना हमारे कई कारोबार के लिए अवसर पैदा करता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम हरियाणा को ऐसे बाजार के रूप में देखते हैं, जहां हम दीर्घावधि में निवेश जारी रख सकते हैं और राज्य के आर्थिक एवं शहरी विकास में सार्थक योगदान दे सकते हैं।’’
बयान के मुताबिक, समूह के अन्य कारोबार क्षेत्रों की भी हरियाणा में मजबूत उपस्थिति है।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


