नयी दिल्ली, 11 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को सोने की कीमत 2,700 रुपये फिसलकर 1,55,900 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई, जबकि चांदी का भाव 10,000 रुपये टूटकर 2,34,600 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया।
स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 2,700 रुपये घटकर 1,55,900 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गया। बृहस्पतिवार को इसका भाव 1,58,600 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
इसी तरह चांदी की कीमत 10,000 रुपये घटकर 2,34,600 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 2,44,600 रुपये प्रति किलोग्राम था।
सर्राफा कारोबारियों ने कहा कि कीमती धातुओं में हाल के दिनों में आई तेजी के बाद स्थानीय बाजार में बिकवाली दबाव के चलते घरेलू सर्राफा कीमतों में तेज गिरावट आई है।
यह गिरावट वैश्विक बाजारों में तेजी के बावजूद देखने को मिली। वैश्विक बाजार में हाजिर सोना 49.82 डॉलर यानी 1.15 प्रतिशत बढ़कर 4,366.58 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी करीब दो प्रतिशत बढ़कर 64.77 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि विदेशी बाजार में सोने की कीमतों में थोड़ा सुधार हुआ है, लेकिन यह अभी भी दबाव में है और लगातार तीसरे सप्ताह गिरावट की राह पर है।
उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से मुद्रास्फीति को लेकर चिंता फिर बढ़ गई है। साथ ही अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड पर ऊंची प्रतिफल दर और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की बढ़ती उम्मीदें भी सोने जैसी परिसंपत्तियों पर दबाव डाल रही हैं।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम