कमजोर डॉलर से सोना 600 रुपये मजबूत, चांदी स्थिर
कमजोर डॉलर से सोना 600 रुपये मजबूत, चांदी स्थिर
नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने की कीमतों में 600 रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 1,56,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर जा पहुंचा। कमजोर डॉलर और मजबूत वैश्विक रुख ने सर्राफा की मांग में नई जान फूंक दी। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत शुक्रवार को 1,56,200 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
हालांकि, स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, चांदी की कीमत लगातार दूसरे सत्र में 2,40,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) पर स्थिर रही।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘सोमवार को सोने में तेजी आई। इसे कमजोर डॉलर और अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों के कमजोर रहने के बाद फेडरल रिजर्व द्वारा सख़्त मौद्रिक नीति अपनाने की उम्मीदों में कमी का समर्थन मिला।’’
उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह अमेरिकी महंगाई के सामान्य आंकड़े, साथ ही रोजगार और खुदरा बिक्री के कमजोर आंकड़ों ने मौद्रिक नीति को और सख़्त करने की उम्मीदों को कम कर दिया और डॉलर पर दबाव बनाए रखा, जिससे कीमती धातुओं की मांग में सुधार हुआ।
यह सुधार अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी देखा गया, जहां हाजिर सोना 0.48 प्रतिशत बढ़कर 4,397.59 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। चांदी एक प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 65.58 डॉलर प्रति औंस हो गई।
मिराए एसेट शेयरखान में जिंस प्रमुख, प्रवीण सिंह ने कहा, ‘‘हाजिर सोना 0.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,398 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था और डॉलर की कमजोरी और तेल की कीमतों के सीमित रहने के कारण इसके सकारात्मक बने रहने की उम्मीद है।’’
हालांकि, भू-राजनीतिक हालात पर भी नजर बनी हुई है।
सिंह ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान पर और आर्थिक प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहे हैं। वर्ष 2018 से पहले ही 2,200 प्रतिबंध लागू हैं, जिनमें ईरान के बंदरगाहों की लगातार नाकेबंदी भी शामिल है।
एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष शोध विश्लेषक (जिंस और मुद्रा) जतिन त्रिवेदी ने कहा कि बाजार में शामिल लोग इस सप्ताह फेडरल रिजर्व की एफओएमसी बैठक के ब्योरे पर नजर रखेंगे, ताकि अमेरिकी केंद्रीय बैंक के ब्याज दर पर दृष्टिकोण और सर्राफा की कीमतों की अगली दिशा के बारे में और संकेत मिल सकें।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


