नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) कमजोर वैश्विक रुख और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर में कटौती की उम्मीद कम होने के बीच बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतें 400 रुपये टूटकर 1.6 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गईं।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 400 रुपये या 0.25 प्रतिशत टूटकर 1,60,900 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर मिलाकर) रह गया। बुधवार को यह 1,61,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
हालांकि, स्थानीय सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतें 2,68,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर मिलाकर) पर स्थिर रहीं।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक-जिंस सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘अमेरिकी श्रम बाजार से उम्मीद से ज़्यादा बेहतर आंकड़ों के आने के बाद बाजार ने ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों को कम कर दिया, जिससे बृहस्पतिवार को सोना मामूली गिरावट के साथ एक सीमित दायरे में कारोबार कर रहा था।’’
वैश्विक बाजार में, हाजिर सोना 22.07 डॉलर या 0.43 प्रतिशत घटकर 5,062.46 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी लगभग दो प्रतिशत टूटकर 82.84 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
कोटक सिक्योरिटीज के अनुसार, अमेरिका में उम्मीद से ज़्यादा मज़बूत रोज़गार आंकड़ों के आने से फेडरल रिजर्व के जल्दी ब्याज दर कटौती की उम्मीदों पर असर पड़ने के बाद हाजिर सोना थोड़ा घटकर 5,070 डॉलर प्रति औंस के करीब कारोबार कर रहा है।
ब्रोकरेज फर्म ने एक परिपत्र में कहा कि चांदी तेज़ी से गिरकर 81.6 डॉलर पर आ गई, फिर वापस 83 डॉलर के आसपास आ गई। इसमें बहुत उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय