स्थानीय मांग बढ़ने से सोना 800 रुपये चढ़ा, चांदी स्थिर

Ads

स्थानीय मांग बढ़ने से सोना 800 रुपये चढ़ा, चांदी स्थिर

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 06:44 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 06:44 PM IST

नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को हाजिर मांग में तेजी और मजबूत वैश्विक रुख के कारण सोने की कीमतों में 800 रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 800 रुपये बढ़कर 1,47,700 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई।

सोमवार को यह 1,46,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

हालांकि, चांदी की कीमत 2,21,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) पर स्थिर रही।

कारोबारियों ने कहा कि घरेलू सर्राफा बाजार में सोने की लगातार खरीदारी देखी गई, जबकि हालिया गिरावट के बाद चांदी की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘मंगलवार को सोने की कीमतों में और बढ़ोतरी हुई क्योंकि अमेरिका-ईरान के बीच फिर से शुरू हुई राजनयिक कोशिशों से भू-राजनीतिक तनाव कम हुआ, जिससे कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई और सर्राफा को समर्थन मिला।’’

उन्होंने कहा कि मजबूत हाजिर मांग, खासकर चीन से, और केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीदारी ने कीमती धातुओं को समर्थन देना जारी रखा।

वैश्विक बाजार में, हाजिर सोना 50.12 डॉलर या 1.25 प्रतिशत बढ़कर 4,057.89 डॉलर प्रति औंस हो गया और चांदी चार प्रतिशत से अधिक बढ़कर 58.80 डॉलर प्रति औंस हो गई।

कोटक सिक्योरिटीज में एवीपी (जिंस शोध) कायनात चैनवाला ने कहा, ‘‘मंगलवार को हाजिर सोने की कीमत में बढ़ोतरी हुई और यह दिन के 4,082 डॉलर प्रति औंस के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया, क्योंकि धातु ने पिछले सप्ताह 4,000 डॉलर से नीचे आई गिरावट के बाद अपनी खोई हुई बढ़त को फिर से हासिल करना जारी रखा।’’

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय