सरकार ने इंडियन मेडिसिन फार्मास्युटिकल के लिए स्काईमैप फार्मास्युटिकल्स की बोली को मंजूरी दी

सरकार ने इंडियन मेडिसिन फार्मास्युटिकल के लिए स्काईमैप फार्मास्युटिकल्स की बोली को मंजूरी दी

सरकार ने इंडियन मेडिसिन फार्मास्युटिकल के लिए स्काईमैप फार्मास्युटिकल्स की बोली को मंजूरी दी
Modified Date: May 26, 2026 / 09:27 pm IST
Published Date: May 26, 2026 9:27 pm IST

नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) सरकार ने इंडियन मेडिसिन फार्मास्युटिकल कॉरपोरेशन लि. (आईएमपीसीएल) की रणनीतिक बिक्री स्काईमैप फार्मास्युटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड को 121 करोड़ रुपये से अधिक में किए जाने को मंजूरी दे दी है।

वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को बयान में कहा कि सरकार को आईएमपीसीएल में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी और प्रबंधन नियंत्रण खरीदने के लिए दो वित्तीय बोलियां प्राप्त हुई थीं। उनमें से मेसर्स स्काईमैप फार्मास्युटिकल्स प्राइवेट लि. ने 1,21,00,94,400 रुपये की उच्चतम बोली लगायी जो आरक्षित मूल्य से भी अधिक थी।

आयुष मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली आईएमपीसीएल मानकीकृत आयुर्वेदिक और यूनानी दवाएं बनाने और आपूर्ति से जुड़ी हुई है। मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (सीसीईए) ने नवंबर, 2017 में दो चरणों की बोली प्रक्रिया के माध्यम से चुने जाने वाले एक रणनीतिक खरीदार को आईएमपीसीएल की संपूर्ण इक्विटी शेयरधारिता के रणनीतिक विनिवेश के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दी थी।

मंत्रालय ने बताया कि आईएमपीसीएल की स्काईमैप फार्मास्युटिकल्स को रणनीतिक बिक्री को वैकल्पिक प्रणाली के जरिये अनुमोदित किया गया था, जो मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति से अधिकार प्राप्त मंत्रियों का एक समूह है। इसमें सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री, वित्त मंत्री और आयुष मंत्रालय के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) शामिल हैं।

बयान के अनुसार, ‘‘सफल बोलीदाता को आवंटन पत्र जारी कर दिया गया है। दीपम (निवेश और लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग) सचिव और आयुष के सचिव को इस लेनदेन को यथाशीघ्र पूरा करने के लिए अधिकृत किया गया है।’’

सरकार ने एक सितंबर, 2023 को आईएमपीसीएल की बिक्री के लिए इच्छुक बोलीदाताओं से रुचि पत्र (ईओआई) आमंत्रित करते हुए प्रारंभिक सूचना ज्ञापन (पीआईएम) जारी किया था। सात इच्छुक इकाइयों ने रुचि दिखाई, जिनमें से सभी को पात्र बोलीदाताओं के रूप में छांटा गया।

छांटने के बाद, पात्र इच्छुक बोलीदाताओं ने उचित जांच-पड़ताल की और गृह मंत्रालय से सुरक्षा मंजूरी प्राप्त की गई।

एक दिसंबर, 2025 को तकनीकी और वित्तीय बोलियां आमंत्रित करते हुए, नियमों और शर्तों सहित शेयर खरीद समझौते के साथ अनुरोध प्रस्ताव (आरएफपी) जारी किया गया। 20 जनवरी, 2026 तक पात्र बोलीदाताओं से दो सीलबंद वित्तीय बोलियां प्राप्त हुईं।

दोनों बोलियों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मूल्यांकन किया गया और तकनीकी रूप से पात्र पाया गया। इसके बाद, बोलीदाताओं के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में तकनीकी रूप से पात्र वित्तीय बोलियां खोली गईं।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में