नयी दिल्ली, एक मई (भाषा) सरकार देश में फ्लोटिंग यानी जलाशयों में लगने वाली सौर परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष योजना पर काम कर रही है।
नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) के सचिव संतोष कुमार सारंगी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
राष्ट्रीय राजधानी में नेशनल सोलर एनर्जी फेडरेशन ऑफ इंडिया (एनएसईएफआई) के 13वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में उन्होंने कहा, “हम इस पर सक्रिय रूप से विचार कर रहे हैं कि सौर मॉड्यूल की स्थापना में भूमि बाधा न बने।”
सारंगी ने कहा कि फ्लोटिंग सोलर के संदर्भ में मंत्रालय ऐसी योजना पर काम कर रहा है, जिससे राज्यों को बड़े पैमाने पर परियोजनाएं विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके, क्योंकि यह क्षेत्र अभी अपनी संभावित क्षमता तक नहीं पहुंच पाया है।
फ्लोटिंग सोलर परियोजनाओं के तहत जलाशयों पर सौर पैनल लगाए जाते हैं।
इस अवसर पर नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद येसो नाइक ने ‘एनएसईएफआई सस्टेनेबल एनर्जी फेडरेशन ऑफ इंडिया’ की शुरुआत की।
भाषा योगेश रमण
रमण