सरकार कोल इंडिया में दो प्रतिशत तक हिस्सेदारी बेचेगी, बुधवार को खुलेगी बिक्री पेशकश
सरकार कोल इंडिया में दो प्रतिशत तक हिस्सेदारी बेचेगी, बुधवार को खुलेगी बिक्री पेशकश
नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) सरकार बुधवार से शुरू होने वाली बिक्री पेशकश (ओएफएस) के माध्यम से कोल इंडिया में दो प्रतिशत तक हिस्सेदारी बेचेगी। यह हिस्सेदारी 412 रुपये प्रति शेयर के न्यूनतम मूल्य पर बेची जाएगी।
दो प्रतिशत हिस्सेदारी यानी लगभग 12.32 करोड़ शेयर 412 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेचने से सरकारी खजाने में लगभग 5,000 करोड़ रुपये आएंगे।
बिक्री पेशकश गैर-खुदरा निवेशकों के लिए 27 मई को और खुदरा निवेशकों के लिए 29 मई को खुलेगी।
निवेश और लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग (डीआईपीएएम) के सचिव अरुणिश चावला ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘भारत सरकार कोल इंडिया लि. में बिक्री पेशकश की घोषणा करती है। इसमें आधार पेशकश कंपनी के इक्विटी शेयर का एक प्रतिशत है। इसमें ‘ग्रीन शू’ विकल्प यानी अधिक अभिदान आने की स्थिति में एक प्रतिशत अतिरिक्त बोली रखने का विकल्प रखा गया है।’’
कोल इंडिया का शेयर मंगलवार को बीएसई में 458.25 रुपये पर बंद हुआ। यह पिछले बंद भाव से 0.25 प्रतिशत अधिक है।
बिक्री पेशकश के तहत 412 रुपये प्रति शेयर का न्यूनतम मूल्य मौजूदा बाजार मूल्य से 10 प्रतिशत कम है।
चावला ने कहा कि कोल इंडिया मजबूत परिचालन और वित्तीय प्रदर्शन, लगातार लाभ और आकर्षक लाभांश के साथ दीर्घकालिक निवेश का एक आकर्षक अवसर प्रदान करती है।
चालू वित्त वर्ष में कोल इंडिया की बिक्री पेशकश किसी सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी का दूसरा ओएफएस है। पिछले सप्ताह, सरकार ने ओएफएस के माध्यम से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में 8.08 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचकर 2,266 करोड़ रुपये जुटाए थे।
वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में विनिवेश और परिसंपत्ति मौद्रीकरण यानी परिसंपत्तियों को बाजार पर चढ़ाकर 80,000 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। यह वित्त वर्ष 2025-26 के संशोधित अनुमान 33,837 करोड़ रुपये से दोगुने से भी अधिक है।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


