पोषक खाद्य पदार्थ उद्योग के लिए नियमन लाने की तैयारी कर रही है सरकार: पासवान
पोषक खाद्य पदार्थ उद्योग के लिए नियमन लाने की तैयारी कर रही है सरकार: पासवान
नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने कहा है कि भारत पोषक तत्वों वाले खाद्य पदार्थों (न्यूट्रास्यूटिकल) के उद्योग के लिए नियमन लाने पर काम कर रहा है।
उन्होंने बताया कि इसके लिए सरकार ‘कोडेक्स एलिमेंटेरियस कमीशन’ जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ मिलकर काम कर रही है।
न्यूट्रास्यूटिकल उद्योग वह क्षेत्र है जिसमें ऐसे खाद्य उत्पाद बनाए जाते हैं जो शरीर को पोषण देने के साथ-साथ स्वास्थ्य लाभ भी प्रदान करते हैं।
पासवान ने उद्योग मंडल एसोचैम के एक कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से कहा कि न्यूट्रास्यूटिकल उद्योग तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए इसके लिए स्पष्ट और मजबूत नियम होना जरूरी है।
पासवान ने कहा, ‘हम कोडेक्स जैसे अंतरराष्ट्रीय नियामकीय निकायों के साथ मिलकर औपचारिक नियम बनाने पर काम कर रहे हैं ताकि उद्योग की वृद्धि हो सके।’
उन्होंने कहा कि यह उद्योग नया है और इसका दायरा बहुत बड़ा है। इसलिए इसमें कई सुधार करने और नई नीतियों लाने की जरूरत है, जिन पर सरकार काम कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान पासवान ने कहा कि सरकार इस क्षेत्र की कमियों को दूर करने के लिए तैयार है और उद्योग से जुड़े लोगों से सुझाव भी मांगे गए हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार अब खाद्य सुरक्षा के साथ-साथ पोषण सुरक्षा पर भी ध्यान दे रही है।
भारत में न्यूट्रास्यूटिकल उद्योग तेजी से बढ़ रहा है, जिसका मुख्य कारण लोगों में स्वास्थ्य को लेकर बढ़ती जागरूकता और बीमारियों से बचने की प्रवृत्ति है।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


