गोयल का जापानी कंपनियों से भारत में निवेश करने, स्थानीय उत्पादन बढ़ाने का आह्वान
गोयल का जापानी कंपनियों से भारत में निवेश करने, स्थानीय उत्पादन बढ़ाने का आह्वान
तोक्यो, 24 अगस्त (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को जापानी कंपनियों से भारत में निवेश करने, स्थानीय उत्पादन को बढ़ाने और नवाचार केंद्र स्थापित करने का आह्वान करते हुए कहा कि भारत जापानी कंपनियों के स्वागत के लिए ‘24 घंटे, सातों दिन’ तैयार है।
गोयल ने यहां जापानी कंपनियों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है और देश मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के जरिये अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के लिए अपने दरवाजे खोल रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं आप सभी से भारत में भागीदारी करने, उसकी प्रतिभा एवं कौशल का इस्तेमाल करने और बड़े भारतीय बाजार का लाभ उठाने का आह्वान करता हूं।’’
गोयल ने जापानी कंपनियों से भारत में स्थानीय स्तर पर उत्पादन एवं खरीद बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे भारतीय बाजार में कंपनियों की लागत प्रतिस्पर्धा बेहतर होगी।
उन्होंने कंपनियों को अधिक संख्या में शोध एवं विकास (आरएंडडी) और नवाचार केंद्र तथा वैश्विक क्षमता केंद्र (जीसीसी) की स्थापना के अलावा भारतीय शिक्षण संस्थानों के साथ इंजीनियरिंग साझेदारी करने का भी सुझाव दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘सरकार नवाचार के लिए वित्तीय सहायता देने को भी तैयार है। भारत में नवाचार से आप न केवल लागत कम कर सकते हैं, बल्कि भारत में जीसीसी स्थापित करने पर कोविड-19 के दौरान घर से की जाने वाली कई गतिविधियों को अब भारत में स्थानांतरित किया जा सकता है।’’
गोयल ने कहा, ‘‘भारत में नए कारखाने और नई उत्पादन क्षमताएं स्थापित करने का समय आ गया है, ताकि भारत की जरूरतें पूरी करने के साथ दुनिया के लिए भी भारत में उत्पादन किया जा सके। आप सभी का गर्मजोशी से स्वागत है। हमारे दरवाजे 24 घंटे, सातों दिन खुले हुए हैं।’’
जापान, भारत में पांचवां सबसे बड़ा निवेशक है। अप्रैल, 2000 से मार्च, 2026 के बीच भारत को जापान से 48.14 अरब अमेरिकी डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) मिला है, जो इस अवधि में भारत में आए कुल एफडीआई का करीब छह प्रतिशत है।
गोयल दोनों देशों के बीच व्यापार एवं निवेश संबंधों को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा के लिए 200-सदस्यीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। जापान ने पिछले साल एक दशक में भारत में 10 लाख करोड़ येन (करीब 60,000 करोड़ रुपये) के निवेश का लक्ष्य रखा था।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


