गोयल ने अमेरिका-भारत के लिए समर्पित औद्योगिक पार्क का प्रस्ताव रखा
गोयल ने अमेरिका-भारत के लिए समर्पित औद्योगिक पार्क का प्रस्ताव रखा
नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) के तहत देशभर में आधुनिक ‘प्लग-एंड-प्ले’ बुनियादी ढांचे से युक्त 100 औद्योगिक पार्क विकसित कर रहा है।
उन्होंने सुझाव दिया कि इनमें से एक पार्क को अमेरिका-भारत निवेश और कारोबार के लिए समर्पित किया जा सकता है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 18 मार्च को 33,660 करोड़ रुपये की भव्य योजना को मंजूरी दी थी। इसके तहत देशभर में 100 ‘प्लग-एंड-प्ले’ औद्योगिक पार्क विकसित किए जाने हैं। ये ऐसे औद्योगिक पार्क होंगे जहां सारी जरूरी सुविधाएं पहले से तैयार हों और कंपनी अपना काम फौरन शुरू कर सके।
इस योजना का उद्देश्य विश्वस्तरीय औद्योगिक अवसंरचना विकसित करना, विनिर्माण क्षमता को बढ़ाना और देश की आर्थिक वृद्धि को गति प्रदान करना है।
गोयल ने यहां भारतीय कलपुर्जा विनिर्माता संघ (एसीएमए) के कार्यक्रम में कहा, “मैं कुछ देशों को इन पार्क में अपने लिए अलग क्षेत्र बनाने पर विचार करने के लिए आमंत्रित करना चाहूंगा। शायद इनमें से एक पार्क अमेरिका-भारत साझेदारी के लिए समर्पित किया जा सकता है।”
उन्होंने कहा कि वाहन कलपुर्जा क्षेत्र के लिए भी दो, तीन या पांच पार्क विकसित किए जा सकते हैं और सरकार संबंधित कंपनियों की जरूरत के अनुरूप सीधे ‘प्लग-एंड-प्ले’ अवसंरचना उपलब्ध करा सकती है।
गोयल ने बताया कि घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए भारत अलग से 20 औद्योगिक शहर भी विकसित कर रहा है।
कार्यक्रम में भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद थे।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


