हैवेल्स इंडिया का पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 16.64 प्रतिशत घटकर 289.71 करोड़ रुपये पर

हैवेल्स इंडिया का पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 16.64 प्रतिशत घटकर 289.71 करोड़ रुपये पर

हैवेल्स इंडिया का पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 16.64 प्रतिशत घटकर 289.71 करोड़ रुपये पर
Modified Date: July 17, 2026 / 03:55 pm IST
Published Date: July 17, 2026 3:55 pm IST

नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) पंखे, बल्ब जैसे उपभोक्ता इलेक्ट्रिक सामान बनाने वाली हैवेल्स इंडिया लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में 16.64 प्रतिशत घटकर 289.71 करोड़ रुपये रहा।

पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण कच्चे माल की लागत बढ़ने तथा विज्ञापन एवं प्रचार पर अधिक खर्च से कंपनी के लाभ पर असर पड़ा।

वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में हैवेल्स इंडिया लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ 347.53 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की परिचालन आय बढ़कर 6,518.19 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 5,455.35 करोड़ रुपये थी।

अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 6,180.06 करोड़ रुपये हो गया, जबकि वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में यह 5,054.78 करोड़ रुपये था।

निवेशकों के लिए प्रस्तुतीकरण में कंपनी ने कहा कि मुद्रास्फीति दबाव और पश्चिम एशिया में युद्ध से जुड़ी अनिश्चितताओं के बावजूद पहली तिमाही में राजस्व में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई और उपभोक्ता मांग बनी रही।

भाषा योगेश रमण

रमण


लेखक के बारे में