नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीज ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में मजबूत प्रदर्शन किया और कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 20 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 4,624 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 3,843 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
इसके साथ ही कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के लिए राजस्व में वृद्धि के एक से चार प्रतिशत के अपने अनुमान बरकरार रखा है।
शेयर बाजार को दी गई जानकारी के अनुसार, कंपनी की परिचालन आय वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में 14 प्रतिशत बढ़कर 34,579 करोड़ रुपये हो गई।
शेयर बाजार को दी गई जानकारी में कहा गया, ‘‘कंपनी के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए दो रुपये वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 12 रुपये का अंतरिम लाभांश घोषित किया है।’’
लाभांश के लिए 17 जुलाई, 2026 को रिकॉर्ड तिथि और 27 जुलाई, 2026 को भुगतान तिथि तय की गई है।
एचसीएल टेक्नोलॉजीज की चेयरपर्सन रोशनी नाडर मल्होत्रा ने कहा, ‘‘अपने अलग तरह के पोर्टफ़ोलियो के साथ हम ग्राहकों को उनकी कारोबारी रणनीतियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रौद्योगिकियों का इस्तेमाल करने में मदद करने की अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। हम अपने लोगों को नयी प्रौद्योगिकियों में कुशल बनाने पर भी ध्यान दे रहे हैं और पूरे संगठन में एआई को शामिल कर रहे हैं।’’
कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक सी. विजयकुमार ने बताया कि पहली तिमाही में कंपनी ने 2.4 अरब डॉलर के अब तक के सबसे अधिक नए ऑर्डर हासिल किए हैं।’’
भाषा यासिर अजय
अजय