नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) हाइड्रोलिक फिटिंग बनाने वाली कंपनी हाई-टेक इंजीनियर्स लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के तीसरे दिन बुधवार को 50.80 गुना अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, 135.73 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में 1,81,45,406 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 92,17,21,944 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
गैर-संस्थागत निवेशकों के हिस्से को 82.07 गुना बोलियां मिलीं। खुदरा निवेशकों के कोटा को 64.54 गुना अभिदान प्राप्त हुआ, जबकि पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी में 85 प्रतिशत अभिदान मिला।
हाई-टेक इंजीनियर्स लिमिटेड के आईपीओ को सोमवार को शेयर बिक्री के पहले दिन 7.74 गुना बोलियां मिलीं थी।
कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए प्रति इक्विटी शेयर 50-53 रुपये का मूल्य दायरा तय किया है।
महाराष्ट्र की इस कंपनी ने अपने आईपीओ के आकार में बदलाव किया है और ताजा निर्गम को 70 करोड़ रुपये से घटाकर 60 करोड़ रुपये का कर दिया है। आईपीओ दस्तावेजों के अनुसार, इसने बिक्री पेशकश (ओएफएस) हिस्से को 1.19 करोड़ शेयरों से बढ़ाकर लगभग 1.43 करोड़ शेयर कर दिया है।
कंपनी ने बताया कि नए शेयरों से प्राप्त शुद्ध राशि में से 29.96 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कावथे इकाई, शिरवाल इकाई और पीथमपुर इकाई-1 में विस्तार के लिए मशीनरी एवं उपकरण खरीदने में किया जाएगा। वहीं, 16 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए किया जाएगा।
शेष राशि का इस्तेमाल सामान्य कंपनी कामकाज के मकसद से किया जाएगा।
कंपनी का शेयर एक सितंबर को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।
भाषा यासिर अजय
अजय