नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) समाचारपत्र ‘हिंदुस्तान’ का प्रकाशन करने वाली हिंदुस्तान मीडिया वेंचर्स लिमिटेड (एचएमवीएल) का चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में शुद्ध लाभ करीब पांच गुना होकर 51.17 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को तिमाही नतीजे की जानकारी दी। एक साल पहले की समान तिमाही में उसने 10.24 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
जून तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 19.8 प्रतिशत बढ़कर 197.18 करोड़ रुपये हो गई जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 164.60 करोड़ रुपये थी।
आलोच्य तिमाही में एचएमवीएल का कुल खर्च 174.96 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले के मुकाबले 8.46 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी की कुल आय बीती तिमाही में 27.56 प्रतिशत बढ़कर 244.06 करोड़ रुपये हो गई।
एचएमवीएल ने 26 मार्च, 2026 को अपना ओटीटी व्यवसाय 31 मार्च, 2026 से बंद करने की घोषणा की थी। यह फैसला स्ट्रीमिंग बाजार की ऊंची लागत और दीर्घकालिक लाभप्रदता से जुड़ी चिंताओं के कारण किया गया था।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय