डीएमआरसी बर्लिन में ‘इनोट्रांस 2026’ में भाग लेगी

Ads

डीएमआरसी बर्लिन में 'इनोट्रांस 2026' में भाग लेगी

  •  
  • Publish Date - September 20, 2026 / 07:39 PM IST,
    Updated On - September 20, 2026 / 07:39 PM IST

नयी दिल्ली, 20 सितंबर (भाषा) दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी दिल्ली मेट्रो इंटरनेशनल लिमिटेड (डीएमआईएल) बर्लिन में होने वाले ‘इनोट्रांस 2026’ में वैश्विक स्तर पर पहली बार भाग लेगी।

कंपनी इस आयोजन में मेट्रो परिचालन, परामर्श, परियोजना प्रबंधन और सलाहकार सेवाओं के क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता प्रदर्शित करेगी।

कंपनी ने एक बयान में कहा कि द्विवार्षिक वैश्विक रेल परिवहन व्यापार मेले में डीएमआईएल परिवहन प्राधिकरणों, बुनियादी ढांचा कंपनियों, प्रौद्योगिकी प्रदाताओं और अन्य परिवहन क्षेत्र से जुड़े पक्षों के साथ बातचीत करेगी तथा अंतरराष्ट्रीय शहरी परिवहन क्षेत्र में साझेदारी और कारोबारी अवसर तलाशेगी।

कंपनी ने कहा कि विस्तार योजनाओं के तहत उसने पिछले तीन महीनों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पांच निविदाओं के लिए बोली लगाई है। वह पश्चिम एशिया और यूरोप के कुछ चुनिंदा बाजारों में अवसर तलाश रही है, जबकि उत्तरी अमेरिका में संभावनाओं का आकलन कर रही है और अफ्रीका को भी अपनी संभावित बाजार सूची में रखे हुए है।

डीएमआरसी के अनुसार, मेले के 2026 संस्करण में रेल परिवहन में बदलाव ला रही प्रौद्योगिकियों पर ध्यान दिया जाएगा। इनमें स्वायत्त सार्वजनिक परिवहन, साइबर सुरक्षा, रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग और कृत्रिम मेधा (एआई) शामिल हैं।

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय