नागपुर, 20 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि नागपुर और छत्रपति संभाजीनगर राज्य में निवेश के अगले प्रमुख केंद्र होंगे और उन्होंने उद्योगों से इन क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने की अपील की।
उन्होंने राज्य में बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार महाराष्ट्र में एक नया एकीकृत औद्योगिक परिवेश विकसित करने की कोशिश कर रही है।
फडणवीस ने नागपुर में अवाडा समूह की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में उद्योगपतियों के साथ बातचीत के दौरान कहा, ‘‘अगला बड़ा अवसर छत्रपति संभाजीनगर (मराठवाड़ा) और नागपुर (विदर्भ क्षेत्र) में है। अगर आप वहां निवेश नहीं कर रहे हैं, तो आप एक अवसर गंवा रहे हैं। जो अगले 10 साल में यहां निवेश नहीं करेगा, उसे पछतावा होगा।’’
फडणवीस ने कहा कि सरकार समृद्धि एक्सप्रेसवे के पास ‘न्यू नागपुर’ विकसित कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘न्यू नागपुर को करीब 2,000 एकड़ में मुंबई के बीकेसी की तरह केंद्रीय कारोबारी जिले के रूप में विकसित किया जा रहा है। न्यू नागपुर में अत्याधुनिक बुनियादी ढांचा होगा। उदाहरण के लिए, जिस तरह ‘गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी’ (गिफ्ट सिटी) में सभी उपयोगिताएं सुरंगों के जरिये संचालित होती हैं, उसी तरह का बुनियादी ढांचा न्यू नागपुर में तैयार किया जा रहा है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि चाहे वैश्विक क्षमता केंद्र (जीसीसी), उन्नत विनिर्माण या स्मार्ट उद्योग हो, सरकार इनके लिए पूरा औद्योगिक परिवेश तैयार कर रही है।
फडणवीस ने कहा कि न्यू नागपुर परियोजना के लिए 50 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है और बाकी भूमि का अधिग्रहण अगले तीन महीने में पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसके बाद बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा।
उन्होंने बताया, ‘‘हम ऐसा परिवेश तैयार करेंगे कि मुंबई के निवेशक यहां आने के लिए स्वाभाविक रूप से आकर्षित हों। यह एक बड़ा अवसर है जो हम उन्हें दे रहे हैं।’’
भाषा
योगेश पाण्डेय
योगेश