जनवरी में क्विक कॉमर्स क्षेत्र में कार्यालय वाली भूमिकाओं में भर्ती 21 प्रतिशत बढ़ीः रिपोर्ट

जनवरी में क्विक कॉमर्स क्षेत्र में कार्यालय वाली भूमिकाओं में भर्ती 21 प्रतिशत बढ़ीः रिपोर्ट

जनवरी में क्विक कॉमर्स क्षेत्र में कार्यालय वाली भूमिकाओं में भर्ती 21 प्रतिशत बढ़ीः रिपोर्ट
Modified Date: February 11, 2026 / 07:26 pm IST
Published Date: February 11, 2026 7:26 pm IST

मुंबई, 11 फरवरी (भाषा) त्वरित आपूर्ति वाले ऑनलाइन खुदरा कारोबार यानी क्विक कॉमर्स क्षेत्र में जनवरी के दौरान पेशेवर एवं प्रंबधन स्तर के पदों की भर्ती में सालाना आधार पर 21 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। बुधवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

‘फाउंडइट इनसाइट्स ट्रैकर’ की मासिक रिपोर्ट के मुताबिक, क्विक कॉमर्स क्षेत्र अब सिर्फ विस्तार पर केंद्रित रहने के बजाय लाभप्रदता, मांग के अनुमान और परिचालन दक्षता को प्राथमिकता दे रहा है।

रिपोर्ट कहती है कि डेटा एनालिटिक्स, उत्पाद प्रौद्योगिकी और आपूर्ति शृंखला रणनीति जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञ प्रतिभा की मांग मजबूत बनी हुई है।

डिजिटल भर्ती मंच फाउंडइट की उपाध्यक्ष (विपणन) अनुपमा भीमराजका ने कहा, “कंपनियां अब पूर्वानुमान की सटीकता बढ़ाने, भंडार प्रबंधन को अनुकूलित करने और ग्राहक अनुभव सुदृढ़ करने पर जोर दे रही हैं। यह अब टिकाऊ और प्रौद्योगिकी-आधारित विस्तार की ओर बढ़ने का संकेत है।”

रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी में सभी उद्योगों में कुल कार्यालय स्तर के पदों पर भर्ती में सालाना नौ प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो उच्च कौशल वाली भूमिकाओं में नियोक्ताओं के भरोसे को दर्शाता है।

रिपोर्ट के अनुसार, क्विक-कॉमर्स क्षेत्र में होने वाली कुल भर्ती में कार्यालय स्तर के पदों की हिस्सेदारी 14 प्रतिशत है। भौगोलिक दृष्टि से बेंगलुरु इस क्षेत्र का प्रमुख केंद्र बना हुआ है, जहां प्रत्येक चार में से एक पद दफ्तर में बैठकर काम करने का है।

हैदराबाद में परिचालन-प्रौद्योगिकी और योजनागत भूमिकाओं के चलते औसत से अधिक वृद्धि देखी गई। नागपुर, वडोदरा, सूरत और तिरुवनंतपुरम जैसे दूसरी श्रेणी के शहर भी क्षेत्रीय संचालन केंद्रों के रूप में उभर रहे हैं।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में