हुंदै मोटर इंडिया जल्द पेश करेगी स्थानीय स्तर पर विकसित इलेक्ट्रिक एसयूवी

हुंदै मोटर इंडिया जल्द पेश करेगी स्थानीय स्तर पर विकसित इलेक्ट्रिक एसयूवी

हुंदै मोटर इंडिया जल्द पेश करेगी स्थानीय स्तर पर विकसित इलेक्ट्रिक एसयूवी
Modified Date: September 9, 2026 / 03:26 pm IST
Published Date: September 9, 2026 3:26 pm IST

नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) जल्द ही स्थानीय स्तर पर विकसित एक इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) पेश करने की योजना बना रही है। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

कंपनी ने बताया कि यह नया इलेक्ट्रिक वाहन विशेष रूप से ईवी के लिए तैयार किए गए मंच पर आधारित होगा।

एचएमआईएल के मौजूदा इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) पोर्टफोलियो में ‘आयोनिक-5’ और ‘क्रेटा इलेक्ट्रिक’ शामिल हैं।

कंपनी ने कहा कि वह नए इलेक्ट्रिक वाहन की पेशकश से पहले अपनी बिक्री और सेवा व्यवस्था को मजबूत कर रही है। इसके तहत डीलर नेटवर्क के कर्मचारियों को इलेक्ट्रिक वाहन की बिक्री, रखरखाव और मरम्मत के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही विश्व ईवी दिवस 2026 के अवसर पर कंपनी ने नयी दिल्ली में 120 किलोवाट क्षमता वाले डीसी फास्ट चार्जिंग स्टेशन भी शुरू किए हैं।

एचएमआईएल ने वित्त वर्ष 2026-27 के अंत तक अपने इलेक्ट्रिक वाहन अनुकूल बिक्री और सेवा नेटवर्क का विस्तार कर 820 केंद्रों और 650 वर्कशॉप तक पहुंचाने की योजना बनाई है।

कंपनी ने कहा कि वह चालू वित्त वर्ष तक इलेक्ट्रिक वाहन की बिक्री, रखरखाव और मरम्मत के लिए 7,000 से अधिक बिक्री कर्मचारियों तथा 5,000 से अधिक सेवा कर्मचारियों को अतिरिक्त प्रशिक्षण देगी।

हुंदै ने अबतक 10,000 से अधिक बिक्री कर्मचारियों को इलेक्ट्रिक वाहन से जुड़ी सेवाओं के लिए प्रशिक्षित किया है।

एचएमआईएल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तरुण गर्ग ने कहा कि कंपनी चार्जिंग नेटवर्क, इलेक्ट्रिक वाहन अनुकूल बिक्री और सेवा केंद्रों के विस्तार, विशेष बुनियादी ढांचे में निवेश तथा डीलर टीम के प्रशिक्षण के माध्यम से ग्राहकों के लिए इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने की प्रक्रिया को आसान, भरोसेमंद और बेहतर बनाने का लक्ष्य रखती है।

भाषा यासिर अजय

अजय


लेखक के बारे में