एचजेडएल का खनन व परिष्कृत धातु उत्पादन बढ़ा, चांदी उत्पादन में मामूली गिरावट
एचजेडएल का खनन व परिष्कृत धातु उत्पादन बढ़ा, चांदी उत्पादन में मामूली गिरावट
नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) वेदांता समूह की कंपनी हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड (एचजेडएल) का खनन एवं परिष्कृत धातु का उत्पादन वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में बढ़ा जबकि चांदी के उत्पादन में मामूली गिरावट दर्ज की गई।
कंपनी के अनुसार जनवरी-मार्च (चौथी तिमाही) में खनन धातु उत्पादन दो प्रतिशत बढ़कर 3,15,000 टन हो गया, जबकि परिष्कृत धातु उत्पादन पांच प्रतिशत बढ़कर 2,82,000 टन रहा।
खनन धातु उत्पादन से तात्पर्य पृथ्वी से कच्चे अयस्क को निकालकर ऐसा संकेंद्रित पदार्थ तैयार करना है, जिसमें कुछ अशुद्धियां होती हैं। इसके बाद परिष्कृत धातु उत्पादन की प्रक्रिया में शुद्धिकरण कर धातु की शुद्धता 99 प्रतिशत से अधिक तक बढ़ाई जाती है, ताकि इसे औद्योगिक उपयोग के लिए तैयार किया जा सके।
कंपनी ने बयान में कहा कि चौथी तिमाही में चांदी का उत्पादन 0.2 प्रतिशत घटकर 176 टन रहा, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 177 टन था।
इसके अलावा, समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का पवन ऊर्जा उत्पादन 11 प्रतिशत घटकर 5.6 करोड़ यूनिट रह गया, जो एक साल पहले 6.3 करोड़ यूनिट था।
हिंदुस्तान जिंक दुनिया की सबसे बड़ी एकीकृत जस्ता उत्पादक कंपनी है और वैश्विक स्तर पर शीर्ष पांच चांदी उत्पादकों में शामिल है। कंपनी 40 से अधिक देशों को आपूर्ति करती है। भारत के प्राथमिक जस्ता बाजार में इसकी करीब 75 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


