आईजीएल ने वित्त वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड गैस बिक्री की दर्ज

Ads

आईजीएल ने वित्त वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड गैस बिक्री की दर्ज

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 05:15 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 05:15 PM IST

नयी दिल्ली, 24 सितंबर (भाषा) देश की प्रमुख शहरी गैस वितरण कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने वित्त वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड गैस बिक्री दर्ज करते हुए 3.7 लाख से अधिक पीएनजी (पाइप के जरिये आपूर्ति की जाने वाली रसोई गैस) कनेक्शन दिए और 70 कंप्रेस्ड नैचुरल गैस (सीएनजी) स्टेशन जोड़े।

आईजीएल के चेयरमैन शुभंकर सेन ने बृहस्पतिवार को कंपनी की 27वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में शेयरधारकों को बताया कि कंपनी ने वित्त वर्ष के दौरान प्रतिदिन 93.9 लाख मानक घन मीटर (एमएमएससीएम) की रिकॉर्ड बिक्री हासिल की।

उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में आईजीएल का सकल कारोबार 17,785 करोड़ रुपये रहा, जबकि कर पश्चात लाभ (पीएटी) 1,364 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। कंपनी की कुल संपत्ति 31 मार्च, 2026 तक 9,987 करोड़ रुपये थी।

सहायक कंपनियों सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड (सीयूजीएल) और महाराष्ट्र प्राकृतिक गैस लिमिटेड (एमएनजीएल) के योगदान को शामिल करने पर कंपनी का कर पश्चात एकीकृत लाभ 1,543 करोड़ रुपये रहा।

सेन ने कहा कि कंपनी ने वित्त वर्ष के दौरान 70 सीएनजी स्टेशन जोड़े, जिससे उसके कुल सीएनजी स्टेशन की संख्या बढ़कर 1,024 हो गई। इसके साथ ही आईजीएल ने वाणिज्यिक और औद्योगिक ग्राहकों का आधार भी बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि कार्बन उत्सर्जन कम करने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए कंपनी पारंपरिक ग्रिड बिजली के स्थान पर नवीकरणीय ऊर्जा के इस्तेमाल की संभावनाएं तलाश रही है।

आईजीएल ने राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (आरवीयूएनएल) के साथ मिलकर 500 मेगावाट क्षमता का हरित सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए संयुक्त उद्यम समझौता किया है। इसके अलावा राजस्थान में 200 मेगावाट के सौर ऊर्जा संयंत्र के लिए निविदा जारी की गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘पीएनजी उपभोक्ताओं के स्थानों और सीएनजी ग्राहकों के लिए सीएनजी स्टेशन पर 575 से अधिक सुरक्षा शिविर आयोजित किए गए। उपभोक्ता सुरक्षा को कंपनी के मूल्यों में सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई।’’

बैठक में सेन के साथ प्रबंध निदेशक कुमार शंकर और वाणिज्य निदेशक मोहित भाटिया ने शेयरधारकों के सवालों के जवाब दिए।

आईजीएल के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 75 प्रतिशत यानी 1.50 रुपये प्रति शेयर के अंतिम लाभांश की सिफारिश की है। इसके अलावा कंपनी पहले ही 162.5 प्रतिशत यानी 3.25 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम लाभांश दे चुकी है।

आईजीएल दिल्ली और उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान सहित अन्य क्षेत्रों में शहरी गैस वितरण नेटवर्क संचालित करती है।

भाषा यासिर अजय

अजय