नयी दिल्ली, पांच जुलाई (भाषा) टाटा समूह की होटल कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आईएचसीएल) के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पुनीत चटवाल का कुल पारिश्रमिक वित्त वर्ष 2025 26 में करीब नौ प्रतिशत बढ़कर 25 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी की वार्षिक रिपोर्ट से यह जानकारी मिली है।
वित्त वर्ष 2024-25 में उनका कुल पारिश्रमिक 23 करोड़ रुपये था।
रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में चटवाल के पारिश्रमिक में 14.21 करोड़ रुपये वेतन (प्रदर्शन बोनस सहित), 4.84 करोड़ रुपये भत्ते, सुविधाएं एवं अन्य लाभ तथा 5.95 करोड़ रुपये का कमीशन शामिल है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इन आंकड़ों में अवकाश के बदले में नकदी, ग्रैच्युटी और समूह स्वास्थ्य बीमा प्रीमियम का प्रावधान शामिल नहीं है।
वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ के पारिश्रमिक और कर्मचारियों के औसत (मीडियन) वेतन का अनुपात बढ़कर 521.7 हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष में 506.1 था। वहीं, वित्त वर्ष 2025-26 में कर्मचारियों के औसत वेतन में 5.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि एक वर्ष पहले यह वृद्धि 4.7 प्रतिशत रही थी।
वित्त वर्ष 2024-25 में चटवाल को 13.18 करोड़ रुपये वेतन (प्रदर्शन बोनस सहित), 4.40 करोड़ रुपये भत्ते एवं अन्य लाभ तथा 5.41 करोड़ रुपये कमीशन मिला था, जिससे उनका कुल पारिश्रमिक 23 करोड़ रुपये रहा था।
इस बीच, कंपनी के शेयरधारकों ने 30 जून, 2026 को आयोजित वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में एक अप्रैल, 2026 से प्रभावी उनके मूल वेतन में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। निदेशक मंडल ने 11 मई, 2026 की बैठक में उनके मासिक मूल वेतन की अधिकतम सीमा 22 लाख रुपये से बढ़ाकर 30 लाख रुपये करने का फैसला किया था। संशोधित वेतनमान उनके वर्तमान कार्यकाल की शेष अवधि, यानी पांच नवंबर, 2027 तक लागू रहेगा।
भाषा अजय अजय
अजय