रांची, 18 सितंबर (भाषा) भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) रांची के मास्टर इन मैनेजमेंट पाठ्यक्रम को ‘क्यूएस बिजनेस मास्टर्स रैंकिंग्स 2027’ में वैश्विक स्तर पर 201प्लस बैंड में रखा गया है और उसे एशिया में 21वां स्थान मिला है। संस्थान ने शुक्रवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी।
बयान के मुताबिक, मास्टर इन बिजनेस एनालिटिक्स (एमबीए-बीए) श्रेणी में भी संस्थान को वैश्विक स्तर पर 201प्लस बैंड में रखा गया है और एशिया में 16वां स्थान मिला है।
आईआईएम रांची के निदेशक प्रोफेसर दीपक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि ये मान्यताएं प्रबंधन शिक्षा को मजबूत करने के संस्थान के लगातार प्रयासों को दर्शाती हैं।
क्यूएस बिजनेस मास्टर्स रैंकिंग्स 2027 में शैक्षणिक पाठ्यक्रमों का मूल्यांकन रोजगार क्षमता, पूर्व छात्रों के परिणाम, पैसे के मूल्य, विचार नेतृत्व और विविधता समेत पांच प्रमुख मानकों पर किया गया है।
मास्टर इन मैनेजमेंट श्रेणी में संस्थान को रोजगार क्षमता में 37.2, पूर्व छात्रों के परिणाम में 20, पैसे के मूल्य में 32.7, विचार नेतृत्व में 32.5 और विविधता में 21.8 अंक मिले।
वहीं, मास्टर इन बिजनेस एनालिटिक्स श्रेणी में इन मानकों पर क्रमशः 27.8, 20, 27.3, 31.1 और 25 अंक मिले।
बयान के अनुसार, इस साल की शुरुआत में आईआईएम रांची को एसोसिएशन ऑफ एमबीएज (एएमबीए) से भी मान्यता मिली थी। इसके बाद क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स में इसके एग्जीक्यूटिव एमबीए कार्यक्रम को जगह मिली, जिसमें संस्थान को वैश्विक स्तर पर 201प्लस बैंड और एशिया-प्रशांत क्षेत्र में 33वां स्थान मिला था।
भाषा प्रेम
योगेश प्रेम
प्रेम