नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) कॉरपोरेट प्रशिक्षण समाधान प्रदान करने वाली एनआईआईटी लर्निंग सिस्टम्स लिमिटेड (एनआईआईटी एमटीएस) को आयकर विभाग से आकलन वर्ष 2023-24 के लिए 14.93 करोड़ रुपये की मांग को लेकर नोटिस मिला है।
कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा, ‘आयकर विभाग की आकलन इकाई ने आकलन वर्ष 2023-24 के लिए 14,93,39,220 रुपये (ब्याज सहित) की राशि की मांग को लेकर नोटिस जारी किया है।’
हालांकि कंपनी ने कहा कि यह नोटिस गणना में स्पष्ट गलती के कारण आई है, जिसमें पहले से भरे गए करों का सही क्रेडिट शामिल नहीं था।
कंपनी का कहना है कि इससे उसके वित्तीय परिणामों या कारोबार पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
कंपनी ने कहा, ‘मामले के तथ्यों और पेशेवर सलाह के आधार पर कंपनी मानती है कि यह मांग टिकने वाला नहीं है और इसे सुधारा जाएगा। कंपनी आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 154 के तहत सुधार के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया में है…।’
भाषा योगेश रमण
रमण