टैंगियेर में महेश्वरी चौहान फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में

Ads

टैंगियेर में महेश्वरी चौहान फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में

  •  
  • Publish Date - March 27, 2026 / 10:38 PM IST,
    Updated On - March 27, 2026 / 10:38 PM IST

टैंगियेर (मोरक्को), 27 मार्च (भाषा) ओलंपियन महेश्वरी चौहान ने यहां टैंगियेर शूटिंग क्लब में क्वालीफिकेशन के पहले दिन 69 का स्कोर बनाया जिससे वह आईएसएसएफ शॉटगन विश्व कप की महिला स्कीट प्रतियोगिता के फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में बनी हुई हैं।

इस साल के पहले विश्व कप शॉटगन चरण में शुक्रवार सुबह जल्दी शुरुआत करते हुए महेश्वरी ने पहले राउंड में 21 का स्कोर किया, लेकिन फिर जोरदार वापसी करते हुए दो बार 24-24 का स्कोर किया। इससे वह लीडरबोर्ड पर सातवें स्थान पर पहुंच गईं।

क्वालीफिकेशन के दो और राउंड खेले जाने के बाद शीर्ष आठ निशानेबाज शनिवार को होने वाले फाइनल में पहुंचेंगे।

उनकी टीम की साथी दर्शना राठौर और यशस्वी राठौर ने 64-64 का स्कोर किया, जिससे वे क्रमशः 25वें और 26वें स्थान पर रहीं।

पुरुषों की स्कीट प्रतियोगिता में परमपाल सिंह गुरोन 70 (25, 22, 23) के कुल स्कोर के साथ सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले भारतीय रहे।

युवा ज्योतिरादित्य सिंह सिसोदिया ने 67 (23, 22, 22) का स्कोर किया जबकि मान सिंह ने दिन का समापन 64 (21, 21, 22) के स्कोर के साथ किया।

इन तीनों पुरुष निशानेबाजों को शीर्ष आठ में जगह बनाने के लिए शनिवार को काफी मेहनत करनी होगी।

भाषा नमिता

नमिता