भारत, खाड़ी सहयोग परिषद ने एफटीए वार्ता की प्रगति की समीक्षा की

Ads

भारत, खाड़ी सहयोग परिषद ने एफटीए वार्ता की प्रगति की समीक्षा की

  •  
  • Publish Date - August 24, 2026 / 03:15 PM IST,
    Updated On - August 24, 2026 / 03:15 PM IST

दुबई, 24 अगस्त (भाषा) भारत और छह खाड़ी देशों के समूह जीसीसी ने मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए जारी वार्ता की समीक्षा की है। सऊदी अरब में भारत के राजदूत विपुल ने रविवार को रियाद में इस बारे में जीसीसी के महासचिव जासिम मोहम्मद अलबुदैवी के साथ व्यापक बातचीत की।

‘खाड़ी सहयोग परिषद’ (जीसीसी) के सचिवालय ने बयान में कहा कि बैठक में भारत-जीसीसी संबंधों को मजबूत करने के तरीकों, क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर विचारों के आदान-प्रदान और अगले महीने होने वाली मंत्रीस्तरीय बैठक की तैयारियों की समीक्षा की गई।

भारत और जीसीसी ने इस साल फरवरी में व्यापक व्यापार समझौते के लिए वार्ता फिर शुरू की थी। लेकिन पश्चिम एशिया संकट के कारण जून में यह बातचीत अस्थायी रूप से रुक गई थी।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘दोनों ने एफटीए वार्ता और उच्चस्तरीय संपर्क बढ़ाने सहित भारत-जीसीसी सहयोग पर चर्चा की। उन्होंने साझा हितों से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।’’

जीसीसी सचिवालय ने कहा कि दोनों पक्षों ने साझा हितों के मुद्दों पर निरंतर समन्वय और विचार-विमर्श के महत्व पर भी जोर दिया, ताकि क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता में योगदान दिया जा सके।

जीसीसी में बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) शामिल हैं। यह समूह राजनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा सहयोग के लिए 1981 में गठित किया गया था।

जीसीसी, भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार समूह है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में भारत और जीसीसी के बीच द्विपक्षीय व्यापार 178.56 अरब डॉलर रहा, जो भारत के कुल वैश्विक व्यापार का 15.42 प्रतिशत है। पिछले पांच वर्षों में भारत-जीसीसी व्यापार में 15.3 प्रतिशत की सालाना वृद्धि हुई है।

भारत से जीसीसी देशों को प्रमुख निर्यात में इंजीनियरिंग सामान, चावल, कपड़ा, मशीनरी तथा रत्न एवं आभूषण शामिल हैं। वहीं, जीसीसी देशों से भारत के आयात में कच्चा तेल, तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी), पेट्रोरसायन और सोना प्रमुख हैं।

भारत और जीसीसी के बीच एफटीए वार्ता का इतिहास पुराना है। दोनों पक्षों ने 2006 और 2008 में भी बातचीत की थी, लेकिन बाद में जीसीसी ने विभिन्न देशों और आर्थिक समूहों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों पर बातचीत स्थगित कर दी थी।

बहरहाल, भारत का जीसीसी के दो सदस्य देशों- यूएई एवं ओमान के साथ पहले ही व्यापार समझौता लागू हो चुका है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय