नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि इस साल गर्मियों में बिजली की मांग अगर 270 गीगावाट तक भी पहुंच जाती है, तो भारत उसे पूरा करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026 को संबोधित करते हुए मंत्री ने भरोसा दिलाया कि मई और जून के महीनों में बिजली की कमी नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘दो साल पहले मांग 250 गीगावाट थी। इस बार हमने 270 गीगावाट का लक्ष्य रखा है और हमारी तैयारी पूरी है।’’
मंत्री का यह बयान इसलिए भी अहम है क्योंकि पश्चिम एशिया के संकट को देखते हुए देश में इंडक्शन कुकर और इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) का इस्तेमाल बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कृत्रिम मेधा (एआई) और डेटा सेंटर की वजह से बिजली की जरूरत और बढ़ेगी, जिसके लिए अगले 5-6 साल में 30 गीगावाट अतिरिक्त बिजली की व्यवस्था करनी होगी।
देश के बुनियादी ढांचे पर उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में बिजली की लाइनें 72 प्रतिशत बढ़ी हैं। उन्होंने साफ किया कि विदेशी संकट का देश की नियमित बिजली आपूर्ति पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
भाषा सुमित अजय
अजय