भारत, सिंगापुर ने दूरसंचार, खाद्य सुरक्षा, समुद्री विरासत में सहयोग के समझौते किए
भारत, सिंगापुर ने दूरसंचार, खाद्य सुरक्षा, समुद्री विरासत में सहयोग के समझौते किए
सिंगापुर, 20 अगस्त (भाषा) भारत और सिंगापुर ने बृहस्पतिवार को दूरसंचार एवं प्रसारण, समुद्री विरासत और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने के लिए समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
वित्त मंत्रालय ने बयान में कहा कि चौथी भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज बैठक (आईएसएमआर) के दौरान दो समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए, जबकि एक आशय पत्र (एलओआई) का आदान-प्रदान हुआ।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, विदेश मंत्री एस जयशंकर, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितिन प्रसाद की मौजूदगी में इन समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
समझौतों में समुद्री विरासत, खाद्य सुरक्षा और दूरसंचार एवं प्रसारण नियमन के क्षेत्रों में सहयोग शामिल है।
वित्त मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि ये समझौते आपसी हित के विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करेंगे।
सिंगापुर के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उप प्रधानमंत्री और व्यापार एवं उद्योग मंत्री गान किम योंग ने किया। बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा के समन्वय मंत्री के. षणमुगम, विदेश मंत्री विवियन बालकृष्णन, डिजिटल विकास एवं सूचना मंत्री जोसेफिन तेओ तथा परिवहन मंत्री जेफ्री सिओ भी शामिल हुए।
चौथी आईएसएमआर बैठक में उन्नत विनिर्माण, कनेक्टिविटी, डिजिटलीकरण, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, कौशल विकास और स्थिरता समेत छह प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग की प्रगति की समीक्षा की गई और नए अवसर तलाशे गए।
बैठक में भारत-सिंगापुर साझेदारी में जारी तेजी को रेखांकित किया गया और इसे ठोस परिणामों में बदलने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


