एआई से छोटे उद्यमों की स्ट्रीमिंग टीवी जैसे विज्ञापन माध्यमों तक पहुंच हुई आसान: अमेजन रिपोर्ट
एआई से छोटे उद्यमों की स्ट्रीमिंग टीवी जैसे विज्ञापन माध्यमों तक पहुंच हुई आसान: अमेजन रिपोर्ट
नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) भारत में करीब 87 प्रतिशत छोटे एवं मध्यम उद्यमों का मानना है कि कृत्रिम मेधा (एआई) ने उन्हें स्ट्रीमिंग टीवी जैसे विज्ञापन माध्यमों तक पहुंच बनाने में सक्षम बनाया है, जो पहले उनकी पहुंच से बाहर माने जाते थे। बृहस्पतिवार को एक अध्ययन रिपोर्ट में यह निष्कर्ष पेश किया गया।
डिजिटल विज्ञापन सेवा ‘अमेजन एड्स’ की अध्ययन रिपोर्ट के मुताबिक, सर्वेक्षण में शामिल 75 प्रतिशत भारतीय छोटे एवं मध्यम उद्यमों ने कहा कि एआई पर आधारित विज्ञापन से उनके कारोबार की वृद्धि में मदद मिली है। वहीं, 68 प्रतिशत उद्यमों ने कहा कि एआई उपकरणों ने उनके विपणन प्रयासों में अधिक रचनात्मकता के अवसर खोले हैं।
अमेजन एड्स की मदद से विक्रेता और ब्रांड अपने उत्पादों को अमेजन के शॉपिंग पेज और अन्य भागीदार वेबसाइटों पर ग्राहकों तक पहुंचा सकते हैं।
अमेजन एड्स इंडिया के निदेशक कपिल शर्मा ने कहा, ‘भारत में एआई उपकरणों का इस्तेमाल करने वाले अमेजन विज्ञापनदाताओं की हिस्सेदारी सालाना आधार पर 77 प्रतिशत बढ़ी है। साल 2026 की पहली तिमाही में छोटे एवं मध्यम उद्यमों ने इन उपकरणों की मदद से पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 62 प्रतिशत अधिक विज्ञापन सामग्री तैयार की।’
अध्ययन के मुताबिक, तीन साल पहले ऊंची लागत (48 प्रतिशत), न्यूनतम खर्च की अनिवार्यता (39 प्रतिशत) और योजना बनाने की जटिलता (36 प्रतिशत) जैसी वजहों से कई छोटे एवं मध्यम उद्यम स्ट्रीमिंग टीवी विज्ञापन से दूर थे।
अब इस माध्यम में रुचि रखने वाले 62 प्रतिशत उद्यमों का कहना है कि इससे उन्हें नए दर्शकों तक पहुंचने में मदद मिलती है, जबकि 59 प्रतिशत का मानना है कि इससे ब्रांड की पहचान बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
अध्ययन के मुताबिक, एआई भारतीय विक्रेताओं को अंतरराष्ट्रीय कारोबार बढ़ाने में भी मदद कर रहा है। तीन साल पहले सीमा-पार विज्ञापन अभियानों को पहुंच से बाहर मानने वाले 56 प्रतिशत उद्यमों का अब कहना है कि एआई आधारित उपकरणों के कारण ऐसे अभियान अधिक सुलभ हो गए हैं।
भाषा योगेश प्रेम
प्रेम

Facebook


